विदेश

पाकिस्तान में मंत्री को कथित तौर पर अगवा करने का मामला, नकाबपोशों ने गाड़ी के टायरों पर चलाई गोलियां

नई दिल्ली: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में प्रांतीय मंत्री फजल शकूर खान को कथित तौर पर अगवा किए जाने का मामला सामने आया है। रिपोर्टों के मुताबिक, नकाबपोश हथियारबंद लोगों ने मोटरवे पर उनकी गाड़ी को रोका और टायरों पर गोलियां चलाकर वाहन को रोक दिया। इसके बाद हमलावर मंत्री को अपने साथ ले गए। घटना का कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नकाबपोश लोग सड़क पर रास्ता रोकते दिखाई दे रहे हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि फजल शकूर खान को किसने पकड़ा और उनके खिलाफ क्या मामला है। हालांकि, खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा में स्पीकर बाबर सलीम स्वाती ने कहा कि मंत्री को मोटरवे से उठाया गया। विधानसभा में इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए गए और पुलिस की भूमिका पर भी चर्चा हुई।

गाड़ी के टायरों पर चलाई गई गोलियां

सामने आए कथित वीडियो और स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, नकाबपोश लोगों ने मंत्री की गाड़ी को रोकने के लिए उसके टायरों पर कलाश्निकोव से गोलियां चलाईं। गोलीबारी के बाद वाहन को रोक लिया गया और फजल शकूर को अपने साथ ले जाया गया। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर अभी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।

PTI नेता शकील अहमद को लेकर भी विवाद

इसी दौरान खैबर पख्तूनख्वा के मलाकंद में प्रांतीय मंत्री शकील अहमद को कथित तौर पर अगवा करने की कोशिश का मामला भी सामने आया। PTI ने आरोप लगाया कि शकील अहमद को निशाना बनाया गया। हालांकि, इस घटना को लेकर अलग-अलग पक्षों की अलग-अलग जानकारी सामने आई है।

डॉन के मुताबिक, शकील अहमद के सुरक्षा गार्डों ने एक संदिग्ध वाहन पर गोलीबारी की थी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ। इसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई। शकील अहमद ने भी अज्ञात हथियारबंद लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन दिया।

PTI ने सरकार पर लगाए आरोप

इन घटनाओं के बाद PTI नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खैबर पख्तूनख्वा में पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि नेताओं और मंत्रियों को कथित तौर पर बंदूक की नोक पर उठाने की कोशिश की जा रही है।

खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा में कानून मंत्री आफताब आलम ने भी फजल शकूर की गिरफ्तारी को अपहरण बताते हुए पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री के खिलाफ कोई मामला या FIR थी तो पुलिस को कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करनी चाहिए थी।

विधानसभा में पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

विधानसभा अध्यक्ष बाबर सलीम स्वाती ने कहा कि पिछले दो दिनों में प्रांत में लोगों को कथित तौर पर नकाबपोश लोगों द्वारा निशाना बनाए जाने और उठाए जाने की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने संस्थानों के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून के मुताबिक ही कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल फजल शकूर खान कहां हैं और उन्हें किसने पकड़ा, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be