प्रकाश सिंह बादल की अंतिम यात्रा की तैयारियां पूरी, आखिरी विदाई देने पहुंचेंगे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा

चंडीगढ़। देश की राजनीति के कद्दावर नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। अपने नेता को आखिरी विदाई देने के लिए जनसैलाब धीरे-धीरे इकट्ठा होने लगा है। उनके गांव बादल में उनका पार्थिव शरीर रखा हुआ है। आज गुरुवार को उनके घर से अंतिम यात्रा निकलेगी।

इस यात्रा में शामिल होने और चहेते प्रकाश सिंह बादल को आखिरी विदाई देने के लिए कई दिग्गज नेता पहुंच रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पंजाब जाएंगे और बादल की अंतिम यात्रा में शामिल होंगे। दोपहर करीब 12 बजे शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल को अंतिम श्रद्धांजलि देने जेपी नड्डा पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के लंबी पहुंचेंगे।

गुरुवार दोपहर एक बजे उनके घर से अंतिम यात्रा शुरू होगी और उनके किन्नू वाले बाग में पहुंचेगी, जहां बादल का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि घर से एक किलोमीटर की दूरी पर संस्कार के लिए उनके किन्नू के बाग को काट जहां मैदान समतल कर दिया गया है। वहीं देर शाम तक उस मैदान पर करीब 50 फीट लंबा व 30 फीट चौड़ा एक चबूतरा तैयार किया गया है। जहां प्रकाश सिंह बादल का अंतिम संस्कार होगा। बाद में इसी चबूतरे को स्मारक में बदल दिया जाएगा।

उनके घर के बाहर लोग अपने नेता को आखिरी विदाई देने पहुंच रहे हैं। अंतिम यात्रा की सारी तैयारियां कर ली गई है। ट्रैक्टर ट्राली से प्रकाश सिंह बादल की अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। ट्रैक्टर ट्राली को फूल और माला से सजा लिया गया है। इसके साथ ही कद्दावर नेता की बड़ी सी तस्वीर लगाई गई है।

आम लोगों के साथ देश और राज्य की जानी-मानी हस्तियां प्रकाश सिंह बादल के आवास पर पहुंच रहे हैं। पूर्व शिक्षा मंत्री दलजीत सिंह चीमा बादल निवास में पहुंचे हैं। वह इस अंतिम यात्रा में शामिल होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का पार्थिव शरीर उनके गांव बादल में बुधवार देर रात करीब सवा दस बजे पहुंचा। पार्थिव शरीर के गांव में पहुंचने पर इकट्ठे हुए गांव सहित अन्य लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए। अंतिम दर्शन लगभग आधा घंटे तक लोग करते रहे। इस मौके पर प्रकाश सिंह बादल के बेटे और शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल काफी भावुक होते दिखाई दिए।

इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को एंबुलेंस के माध्यम से ही घर के अंदर ले जाया गया। वहां पर उनके पार्थिव देह को रखा गया। रात भर अपने निवास में आखिरी बार रहने के बाद आज उनका अंतिम संस्कार होगा।

बता दें कि प्रकाश सिंह बादल की आज अंतिम यात्रा को देखते हुए पंजाब में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों की भीड़ को देखते हुए पंजाब सरकार और जिला प्रशासन की तरफ से कड़े सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मुक्तसर, फाजिल्का, फिरोजपुर और फरीदकोट की पुलिस गांव बादल में तैनात की गई है। इसके साथ ही साथ कई रूट को डायवर्ट किया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper