बैतूल में तिलक समारोह में खाना खाने के बाद 150 लोग बीमार, दुल्हन की हालत भी गंभीर

बैतूलः जिले के मुलताई में पिंडरई गांव में गुरुवार रात एक तिलक कार्यक्रम में खाना खाने के बाद करीब डेढ़ सौ लोग बीमार हो गए। अचानक एक साथ इतने लोगों के बीमार होने से अस्पताल में बेड भी कम पड़ गए। बीमारों को बेंच पर लेटा कर उनका उपचार किया गया। पीड़ितों में दुल्हन भी शामिल थी। गंभीर लोगों को बैतूल के जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।

जानकारी अनुसार गांव में रघुवंशी परिवार की बेटी प्रियांशु का तिलक कार्यक्रम था। कार्यक्रम में वर-वधू पक्ष से करीब छह सौ से ज्यादा मेहमान जमा हुए थे। कार्यक्रम के बाद भोजन शुरू हुआ। खाना खाने के कुछ देर बाद लोगों की तबियत खराब होने लगी। एक के बाद एक जब लोग पीड़ित होने लगे तब भोजन में कोई गड़बड़ी का संदेह हुआ। रात 10 बजे सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। रात करीब 11 बजे तक 150 लोग उल्टी दस्त का शिकार होने पर निजी और सरकारी अस्पताल पहुंचे।

डॉक्टर अमित नागवंशी ने बताया कि विषाक्त भोजन से लोग बीमार हुए हैं। सभी का उपचार चल रहा है। जिनकी हालत गंभीर थी, उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। होने वाली दुल्हन प्रियांशु की हालत भी गंभीर है। देर रात कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस और स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंच गई थी। सभी बीमार लोगों का उपचार किया गया। खाद्य विभाग की टीम को रात में ही भोजन की जांच कर सैम्पल लेने के लिए भेजा गया। कलेक्टर बैंस ने बताया कि चिंता की कोई बात नही है, सभी की हालत बेहतर है। खाद्य सामग्री के सैम्पल लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे। उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper