Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज़्ज़तनगर एवं सीएसआईआर- आईआईटीआर लखनऊ के बीच वैज्ञानिक सहयोग हेतु एमओयू पर हस्ताक्षर

बरेली,16 सितम्बर।भारतीय वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज़तनगर, बरेली तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद–भारतीय विषविज्ञान अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-आईआईटीआर), लखनऊ के बीच बुधवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर सीएसआईआर- आईआईटीआर के निदेशक डॉ. भास्कर नारायण तथा आईसीएआर के उपमहानिदेशक (पशु विज्ञान) एवं आईसीएआर-आईवीआरआई के निदेशक डॉ. राघवेंद्र भट्टा ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।

यह समारोह भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के पूर्व अपर महानिदेशक डॉ. देबब्रत कानुंगो तथा सीएसआईआर- एनआईआईएसटी, तिरुवनंतपुरम के पूर्व निदेशक एवं सीएसआईआर- आईआईटीआर, लखनऊ की अनुसंधान परिषद के निवर्तमान एवं वर्तमान अध्यक्ष डॉ. जावेद इकबाल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

-------------------------------------------------------------------------------------------

यह महत्वपूर्ण समझौता दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त अनुसंधान एवं विकास (आर एंड डी) गतिविधियों, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा परस्पर हित के वैज्ञानिक क्षेत्रों में सहयोगात्मक अनुसंधान के लिए एक सुदृढ़ रूपरेखा प्रदान करेगा।इसके अंतर्गत वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण तथा क्षमता निर्माण संबंधी गतिविधियों के माध्यम से व्यापक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

यह साझेदारी विष विज्ञान, पशु चिकित्सा विज्ञान तथा संबद्ध विषयों में अंतर-संस्थागत अनुसंधान, नवाचार एवं वैज्ञानिक उत्कृष्टता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------