भारत के खिलाफ राजनीतिक एकजुटता की अपील, तारिक रहमान से मुलाकात के बाद नाहिद इस्लाम ने लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली: बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद भी भारत के खिलाफ बयानबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के संयोजक और छात्र आंदोलन से जुड़े नेता नाहिद इस्लाम ने भारत पर बांग्लादेश के आंतरिक मामलों में दखल देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कथित भारतीय वर्चस्व के खिलाफ देश के राजनीतिक दलों से एकजुट होने की अपील की है। खास बात यह है कि नाहिद इस्लाम ने यह बयान प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद दिया है।नाहिद का दावा है कि बांग्लादेश में मौजूदा राजनीतिक संघर्ष केवल पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि अब यह भारत के कथित वर्चस्व के खिलाफ भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में चल रही राजनीतिक गतिविधियों में भारत की सीधी भूमिका है।
नाहिद इस्लाम बोले- अब संघर्ष आवामी लीग के खिलाफ नहीं
NCP संयोजक नाहिद इस्लाम ने भारत के खिलाफ राजनीतिक दलों की एकजुटता पर जोर दिया। उनका कहना है कि बांग्लादेश की मौजूदा लड़ाई का दायरा आवामी लीग के विरोध से आगे निकल चुका है। अब इसे भारतीय वर्चस्व के खिलाफ संघर्ष के तौर पर देखा जाना चाहिए।
नाहिद इस्लाम ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान से अपनी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में NCP के सदस्य सचिव अख्तर हुसैन, वरिष्ठ संयुक्त संयोजक हसनात अब्दुल्ला और संयुक्त संयोजक अकरम हुसैन शामिल थे।
यह बैठक प्रधानमंत्री की उस पहल के तहत हुई, जिसके जरिए जुलाई 2024 के आंदोलन में सक्रिय रहे राजनीतिक दलों से बातचीत कर उनके बीच एकता मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
शेख हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में बढ़ा राजनीतिक तनाव
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश लौटने का ऐलान किया है। दूसरी ओर, उनकी पार्टी आवामी लीग भी अपनी राजनीतिक मौजूदगी दिखाने की कोशिश कर रही है। इस घटनाक्रम के बाद देश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और अलग-अलग राजनीतिक समूहों के बीच तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।

गोपालगंज में आवामी लीग कार्यकर्ताओं पर हमला, 30 से ज्यादा घायल
इसी बीच बांग्लादेश में हिंसा की एक और घटना सामने आई है। शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला किए जाने की खबर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में 30 से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इसके अलावा कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है।
बताया जा रहा है कि आवामी लीग के कार्यकर्ता शेख हसीना के समर्थन में रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान उन पर देसी बम फेंके गए। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने की घोषणा की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी वापसी के ऐलान के बाद से आवामी लीग के सदस्यों और पार्टी से जुड़ी गतिविधियों को लेकर तनाव बना हुआ है। बांग्लादेश में आवामी लीग और उसकी राजनीतिक गतिविधियों पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
