मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, उग्रवादियों की गोलीबारी में दो महिलाओं समेत 4 की मौत; इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात
इंफाल: मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की घटना सामने आई है। उखरुल जिले में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो वाहनों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में दो महिलाओं समेत चार नगा समुदाय के लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसका बेटा भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने और सुरक्षा मजबूत करने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।इंफाल-उखरुल मार्ग पर दो वाहनों को बनाया निशाना
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे इंफाल-उखरुल मार्ग पर न्यू हेवन इलाके में यह वारदात हुई। हथियारबंद संदिग्ध उग्रवादियों ने चार पहिया वाहनों में सवार लोगों पर गोलियां चला दीं।
हमले में दोनों वाहनों में सवार दो पुरुषों और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों को घटनास्थल पर दोनों गाड़ियों के आगे के शीशों पर गोलियों के निशान मिले हैं।

मृतकों में मां-बेटे और भाई-बहन शामिल
पुलिस के अनुसार, मृतकों में शांगशाक गांव की रहने वाली हाओलीला और उनका बेटा कपांगखुई शामिल हैं। वहीं, अन्य दो मृतकों की पहचान ताशर गांव के निवासी ऑगस्ट नगालुंग और उनकी बहन खानमिला के रूप में हुई है।
इस घटना से एक दिन पहले गुरुवार को कांगपोकपी जिले में भी गोलीबारी हुई थी। संदिग्ध उग्रवादियों के बीच हुई इस गोलीबारी में एक कुकी महिला की मौत हो गई थी, जबकि दो पुरुष घायल हुए थे।
उखरुल के एक कुकी संगठन ने इन हत्याओं में कुकी-जो समुदाय की किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। कुकी सीएसओ वर्किंग कमेटी ने कहा कि विश्वसनीय सबूतों के बिना किसी समुदाय को इस घटना से जोड़ने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने की शांति और बातचीत की अपील
मणिपुर के उपमुख्यमंत्री एल. दिखो ने न्यू हेवन में हुई हत्याओं की निंदा की है। उन्होंने कहा कि राज्य पहले ही बहुत दर्द झेल चुका है और निर्दोष लोगों की जान जाने से समाज को गहरे जख्म मिले हैं। हिंसा और बदले की भावना से इन जख्मों को नहीं भरा जा सकता।
उन्होंने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और अब तक बहुत खून बह चुका है। उपमुख्यमंत्री ने सभी पक्षों से बातचीत और आपसी सुलह के जरिए शांति बहाल करने की अपील की।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर उठाए सवाल
इस घटना के बाद कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र ने कहा कि पिछले 24 घंटों में पांच लोगों की हत्या हो चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लोगों को सुरक्षा का एहसास कब होगा और सरकार इन घटनाओं की जिम्मेदारी कब लेगी?

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार शांति बहाली के लिए ठोस रूपरेखा तैयार करने में नाकाम रही है।
बीएसएफ, सेना और असम राइफल्स के जवान तैनात
मणिपुर पुलिस ने बताया कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त बल भेजे गए हैं। इनमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सेना, असम राइफल्स और राज्य पुलिस के जवान शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए घटनास्थल तथा आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
2023 से जारी जातीय संघर्ष में सैकड़ों लोगों की मौत
मणिपुर में मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू हुआ था। इस हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।
इसके अलावा, इस साल फरवरी से अब तक पर्वतीय जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा गोलीबारी की घटना ने एक बार फिर राज्य में शांति और सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
