लाइफस्टाइल

मेनोपॉज के दौरान रातभर नहीं आती नींद? डाइट में शामिल करें ये चीजें, इंसोमनिया की परेशानी होगी कम

नई दिल्ली: मेनोपॉज महिलाओं के जीवन का एक प्राकृतिक चरण है, जिससे आमतौर पर 45 से 55 साल की उम्र के बीच गुजरना पड़ता है। इस दौरान शरीर में कई तरह के हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिनका असर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। मूड स्विंग्स के साथ नींद से जुड़ी परेशानियां भी आम हैं। कई महिलाओं को इस दौर में इंसोमनिया यानी अनिद्रा का सामना करना पड़ता है। हालांकि, खानपान और जीवनशैली में कुछ बदलाव करके इसके लक्षणों को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

मेनोपॉज वह अवस्था है, जब मासिक धर्म स्थायी रूप से बंद हो जाता है और महिला की प्रजनन क्षमता समाप्त हो जाती है। इस दौरान अंडाशय अंडों का उत्पादन बंद कर देते हैं। शरीर में एस्ट्रोजन का स्तर कम होने से नींद आने में परेशानी हो सकती है। कई बार रात में पसीना आना, बेचैनी, एंग्जाइटी और मूड में बदलाव भी नींद को प्रभावित करते हैं।

मेनोपॉज में क्यों बढ़ जाती है इंसोमनिया की समस्या?

मेनोपॉज के दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर घटने से नींद के पैटर्न में बदलाव आ सकता है। कुछ महिलाओं को देर तक नींद नहीं आती, जबकि कुछ की नींद बार-बार टूटती है। रात में पसीना आने और एंग्जाइटी जैसी समस्याएं भी इस परेशानी को बढ़ा सकती हैं।

इस समस्या से राहत पाने के लिए संतुलित खानपान अहम भूमिका निभा सकता है। फल, सब्जियां, साबुत अनाज और कम फैट वाले प्रोटीन से भरपूर डाइट शरीर को जरूरी पोषक तत्व देती है और बेहतर नींद में मदद कर सकती है।

डाइट में शामिल करें ये चीजें

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मेनोपॉज के दौरान कुछ पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को डाइट का हिस्सा बनाना फायदेमंद हो सकता है।

1. अदरक, बादाम, काजू और तिल

अदरक, बादाम, काजू और तिल के बीजों में मैग्नीशियम पाया जाता है। यह पोषक तत्व मांसपेशियों को आराम देने और शरीर को रिलैक्स करने में मदद करता है। इसलिए इन चीजों को संतुलित मात्रा में खाने से नींद की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

2. विटामिन ई से भरपूर खाद्य पदार्थ

मेनोपॉज के दौरान कुछ महिलाओं को रात में पसीना आने की समस्या होती है, जिससे नींद बार-बार टूट सकती है। डाइट में विटामिन ई से भरपूर चीजें शामिल करना इस परेशानी के लक्षणों को कम करने में मददगार हो सकता है। बादाम, नारियल, अलसी के बीज, पिस्ता और सूरजमुखी के बीज विटामिन ई के अच्छे स्रोत हैं।

3. ओमेगा-3 से भरपूर चीजें

ओमेगा-3 फैटी एसिड को सेहत के लिए जरूरी हेल्दी फैट माना जाता है। यह मूड बेहतर रखने और नींद से जुड़ी परेशानियों को कम करने में मदद कर सकता है। मछली, बाजरा, जौ और रागी को डाइट में शामिल करके ओमेगा-3 सहित जरूरी पोषक तत्व प्राप्त किए जा सकते हैं।

इन बातों का भी रखें ध्यान

मेनोपॉज के दौरान अच्छी नींद के लिए खानपान के साथ कुछ आदतों पर ध्यान देना भी जरूरी है। रात में सोने से पहले कैफीन और शराब के सेवन से बचें। इनका इस्तेमाल शरीर को रिलैक्स होने और अच्छी नींद लेने में बाधा डाल सकता है। अगर लंबे समय तक अनिद्रा बनी रहे या रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होने लगे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be