खेल

विश्व चैंपियनशिप में गुकेश की शानदार शुरुआत, 38 चालों की जंग में सिंदारोव को ड्रॉ पर रोका

नई दिल्ली। विश्व शतरंज चैंपियनशिप 2026 में भारत के मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश ने शानदार अंदाज में अपना अभियान शुरू किया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में उनका सामना उज्बेकिस्तान के युवा ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव से हुआ। जिनेवा में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी रणनीतिक टक्कर देखने को मिली और 38 चालों तक चली बाजी आखिरकार ड्रॉ पर खत्म हुई।

सफेद मोहरों से खेल रहे सिंदारोव ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए गुकेश पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय चैंपियन ने काले मोहरों के साथ बेहतरीन बचाव किया। दोनों खिलाड़ियों की सटीक चालों के कारण मुकाबले में किसी को निर्णायक बढ़त नहीं मिल सकी। लगातार तीन बार एक जैसी स्थिति बनने के बाद बाजी को ड्रॉ घोषित कर दिया गया।

गुकेश ने अपनाई रुई लोपेज बर्लिन डिफेंस रणनीति

मुकाबले की शुरुआत में डी गुकेश ने रुई लोपेज की बर्लिन डिफेंस रणनीति का सहारा लिया। सिंदारोव इस ओपनिंग के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरे थे और उन्होंने शुरुआती चालों में तेजी दिखाते हुए भारतीय खिलाड़ी पर दबाव बनाने की कोशिश की।

सिंदारोव की रणनीति साल 2020 में ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारुआना और वेस्ली सो के बीच खेले गए मुकाबले से प्रेरित बताई गई। उस मुकाबले में कारुआना ने सफेद मोहरों से जीत हासिल की थी। सिंदारोव ने इसी तैयारी के जरिए गुकेश को शुरुआती चरण में सोचने के लिए मजबूर किया।

36 मिनट सोचने के बाद गुकेश ने चली अहम चाल

मुकाबले का सबसे दिलचस्प पल तब आया जब गुकेश समय के दबाव में थे। 17वीं चाल में सिंदारोव ने बी3 खेली, जिसके जवाब में गुकेश ने बीबी4 की चाल चली। इस चाल पर भारतीय खिलाड़ी ने करीब 36 मिनट तक विचार किया।

इस रणनीतिक चाल से उन्होंने डी2 पर मौजूद सफेद रूक को निशाना बनाया और अपनी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश की। वहीं सिंदारोव भी हर चाल को काफी सोच-समझकर खेल रहे थे। 22वीं चाल में उन्होंने करीब 20 मिनट विचार करने के बाद एनई1 की चाल चली।

अतिरिक्त प्यादे के बावजूद नहीं बना पाए बढ़त

मुकाबले के आगे बढ़ने के साथ दोनों खिलाड़ियों ने कई मोहरों की अदला-बदली की। एक समय गुकेश के पास अतिरिक्त प्यादा था, लेकिन सिंदारोव के मोहरों की सक्रिय स्थिति के कारण भारतीय खिलाड़ी इसका फायदा नहीं उठा सके।

सिंदारोव ने सफेद मोहरों के साथ हल्का दबाव बनाए रखा, लेकिन गुकेश ने शानदार बचाव करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इस दौरान सिंदारोव ने ड्रॉ का दावा भी किया, जिसे गलत माना गया और उन्हें घड़ी पर समय का जुर्माना झेलना पड़ा।

दूसरी बाजी में सफेद मोहरों के साथ उतरेंगे गुकेश

पहली बाजी ड्रॉ होने के बाद अब दोनों खिलाड़ियों की नजर दूसरे मुकाबले पर है। बुधवार को होने वाली अगली बाजी में डी गुकेश सफेद मोहरों के साथ खेलेंगे, जिससे उन्हें अपनी पसंदीदा रणनीति अपनाने का मौका मिलेगा।

14 बाजियों वाली इस विश्व चैंपियनशिप में शुरुआती मुकाबले का ड्रॉ दोनों खिलाड़ियों के लिए संतुलित शुरुआत माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि गुकेश दूसरी बाजी में सफेद मोहरों का फायदा उठाकर बढ़त बना पाते हैं या सिंदारोव एक बार फिर उन्हें कड़ी चुनौती देते हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be