मनोरंजन

‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ के निर्माता संजय गुप्ता का निधन, संजय दत्त की फिल्म से किया था डायरेक्शन डेब्यू

मुंबई: बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। चर्चित निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता के निधन की खबर है। उन्होंने 30 अक्टूबर को अंतिम सांस ली। हालांकि, उनके निधन की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीती रात वह अपने घर के बाथरूम में गिर गए थे, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। 31 अक्टूबर की सुबह इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। फिल्ममेकर अशोक पंडित और राकेश रोशन समेत कई फिल्मी हस्तियों ने उनके निधन पर दुख जताया है।

जन्मदिन के कुछ दिन बाद दुनिया को कहा अलविदा

संजय गुप्ता 57 वर्ष के थे। उन्होंने इसी महीने 23 अक्टूबर को अपना जन्मदिन मनाया था। उनका जन्म 23 अक्टूबर 1969 को मुंबई में हुआ था। अपने करियर के दौरान उन्होंने बॉलीवुड को कई चर्चित फिल्में दीं और निर्माता-निर्देशक के रूप में अलग पहचान बनाई।

उनकी लोकप्रिय फिल्मों में ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘काबिल’, ‘आतिश’, ‘राम शास्त्र’, ‘जंग’, ‘जज्बा’, ‘जिंदा’, ‘हमेशा’, ‘मुसाफिर’, ‘दस कहानियां’, ‘मुंबई सागा’ और ‘खौफ’ जैसी फिल्में शामिल हैं। वहीं, उन्होंने ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘प्लान’, ‘वुडस्टॉक विला’, ‘एसिड फैक्ट्री’ और ‘पंख’ जैसी फिल्मों के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाई थी।

संजय दत्त की फिल्म से शुरू हुआ था निर्देशन का सफर

संजय गुप्ता ने 1994 में रिलीज हुई एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘आतिश: फील द फायर’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में संजय दत्त और आदित्य पंचोली मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। इस शुरुआत के साथ ही उन्होंने एक्शन और अपराध की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्मों की ओर अपना खास रुझान दिखाया।

क्राइम और अंडरवर्ल्ड फिल्मों से बनाई अलग पहचान

संजय गुप्ता को बॉलीवुड में स्टाइलिश एक्शन, गैंगवार और मुंबई के अंडरवर्ल्ड पर आधारित कहानियों के लिए जाना जाता था। उनकी फिल्मों में अपराध जगत की कहानियों को एक अलग सिनेमाई अंदाज में पेश किया जाता था, जिसने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई।

साल 2007 में आई फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ से वह निर्माता और सह-लेखक के तौर पर जुड़े थे। इस फिल्म को काफी चर्चा मिली। इसके बाद 2013 में उन्होंने इसकी अगली कड़ी ‘शूटआउट एट वडाला’ का निर्देशन किया। ‘शूटआउट’ फ्रेंचाइजी उनके करियर की चर्चित फिल्मों में गिनी जाती है।

‘कांटे’, ‘काबिल’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी फिल्मों का किया निर्देशन

संजय गुप्ता के निर्देशन में बनी अमिताभ बच्चन और संजय दत्त अभिनीत फिल्म ‘कांटे’ 2002 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को भारतीय सिनेमा में खास स्थान हासिल है। इसके अलावा उन्होंने ऋतिक रोशन की ‘काबिल’ (2017), ऐश्वर्या राय की ‘जज्बा’ (2015), ‘मुसाफिर’ (2004), ‘जिंदा’ (2006) और ‘मुंबई सागा’ (2021) जैसी फिल्मों का भी निर्देशन किया।

अपने लंबे फिल्मी सफर में संजय गुप्ता ने एक्शन और क्राइम फिल्मों की एक अलग शैली विकसित की। उनके निधन की खबर से हिंदी फिल्म जगत में शोक का माहौल है।

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be