संविधान दिवस पर पीएम मोदी का संदेश: ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘कर्तव्य भाव’ से बनेगा विकसित भारत का रास्ता
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की ऐतिहासिक भूमिका, उसके मूल्यों और देश की विकास यात्रा में उसके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संविधान भारत का पथप्रदर्शक है और इसमें देश की समृद्ध परंपराओं के साथ सभ्यता के अनुभव को भी पर्याप्त स्थान दिया गया है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को याद किया।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जैसे विविधताओं वाले देश में संविधान की भावना केवल संसद और अदालतों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसकी पहुंच आम नागरिकों और विशेष रूप से युवाओं तक होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से उनकी सरकार ने एक दशक पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था, ताकि लोगों का संविधान से जुड़ाव और मजबूत हो सके।
सरकारी योजनाओं को संविधान के मूल्यों से जोड़ा
पीएम मोदी ने कहा कि संविधान करोड़ों भारतीयों की जीवन यात्रा का अभिन्न हिस्सा है। एक सामान्य परिवार में जन्मा व्यक्ति भी संविधान की ताकत के कारण दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है। उन्होंने विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के जरिए गरिमापूर्ण जीवन, समानता, सामाजिक न्याय और आर्थिक न्याय जैसे संवैधानिक आदर्शों को जमीन पर उतारने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि छोटे उद्यमियों और रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराना आर्थिक न्याय की भावना को मजबूत करता है। वहीं, डिजिटल तकनीक, रुपे कार्ड और यूपीआई तक आम लोगों की पहुंच समावेशिता का उदाहरण है।
संविधान संशोधनों का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार के कार्यकाल में हुए संविधान संशोधनों का जिक्र करते हुए कहा कि 101वें संशोधन से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) जैसे बड़े सुधार का रास्ता खुला। 102वें संशोधन के जरिए राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला, जबकि 103वें संशोधन के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई।
उन्होंने कहा कि संविधान अब आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे इसकी पहुंच और व्यापक हुई है। प्रधानमंत्री ने भारतीय न्याय संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि औपनिवेशिक दौर में बनाई गई दंड संहिता को हटाकर आपराधिक न्याय व्यवस्था में बुनियादी बदलाव लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनांदोलनों को नागरिक कर्तव्यों की भावना का उदाहरण बताया।
पहले संविधान संशोधन और आपातकाल का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी निभाने वालों की ओर से भी कई बार ऐसे कदम उठाए गए, जिनसे संविधान कमजोर हुआ। उन्होंने 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन के 75 साल पूरे होने का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस समय अंतरिम संसद में बहुमत का इस्तेमाल नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता सीमित करने के लिए किया गया था। उनके मुताबिक, इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना और विरोध की आवाज दबाना था।
प्रधानमंत्री ने आपातकाल के दौरान हुए 42वें संविधान संशोधन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस संशोधन से न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित हुई और संस्थाओं के बीच शक्तियों का संतुलन प्रभावित हुआ। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें समझने में मदद मिलेगी कि सत्ता में रहते हुए संविधान के साथ किस तरह के फैसले किए गए।
अनुच्छेद 356 और जम्मू-कश्मीर का भी उठाया मुद्दा

प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि एक राजनीतिक दल के नाम करीब सौ बार इस अनुच्छेद के इस्तेमाल का रिकॉर्ड दर्ज है।
पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 और 35-ए का जिक्र करते हुए कहा कि इनके कारण सात दशक से अधिक समय तक जम्मू-कश्मीर में भारतीय संविधान पूरी तरह लागू नहीं हो पाया। उनके मुताबिक, इससे वहां अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के अधिकार प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि 2019 में इन प्रावधानों को हटाए जाने के साथ इस ऐतिहासिक अन्याय का अंत हुआ।
नक्सलवाद और महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक देश के कई हिस्सों, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने हथियारों के बल पर गरीब लोगों को संविधान से मिले अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे को लेकर संतोष जताया और कहा कि अब केवल वैचारिक स्तर पर नक्सलवाद को बढ़ावा देने वाले लोग बचे हैं, जो देश की विकास यात्रा में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर ओबीसी आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देने की मंशा रखने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर इस तरह की व्यवस्था के खिलाफ थे।
महिला प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर भी पीएम मोदी ने विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में महिलाओं की भूमिका को याद रखना जरूरी है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, विधायी संस्थाओं में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को इस साल की शुरुआत में विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय और प्रतिनिधित्व दिलाने का संकल्प जारी रहेगा।
‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘कर्तव्य भाव’ को बताया विकसित भारत का मंत्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका तय है, लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना संवैधानिक जिम्मेदारियों का विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी अपनी भूमिका निभाने के बजाय लगातार अवरोध पैदा कर रही है।
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस समय एक अहम मोड़ पर खड़ा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने दो मंत्र दिए—सोच में ‘राष्ट्र प्रथम’ और हर काम में ‘कर्तव्य भाव’। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन मूल्यों को मार्गदर्शक बनाकर और संविधान से शक्ति लेकर देश आने वाली पीढ़ियों का भविष्य उज्ज्वल बना सकता है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
