Top Newsदेश

साइक्लोन ‘अर्नब’ का असर: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से बढ़ी ठंड, तापमान में 6 डिग्री से ज्यादा गिरावट

नई दिल्ली: पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रहा। कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है।

बारिश और तेज हवाओं से अचानक बदला मौसम

दिल्ली-NCR में गुरुवार सुबह बारिश शुरू हुई थी। दिन में कुछ समय के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन शाम करीब पांच बजे के बाद कई इलाकों में दोबारा बारिश होने लगी। देर रात तक रुक-रुककर बरसात जारी रही। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने से लोगों को तापमान में गिरावट महसूस हुई।

दिल्ली के तापमान में 6.4 डिग्री की गिरावट

लगातार बारिश और ठंडी हवाओं का असर राजधानी के तापमान पर भी दिखाई दिया। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम होकर 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले 24 घंटों की तुलना में 6.4 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया था।

करवाचौथ पर चांद देखने के लिए करना पड़ा इंतजार

खराब मौसम और आसमान में घने बादल छाए रहने का असर करवाचौथ के पर्व पर भी देखने को मिला। गुरुवार शाम दिल्ली के कई इलाकों में निर्धारित समय पर चंद्रमा दिखाई नहीं दिया। इसके चलते व्रत रखने वाली महिलाओं को चांद के दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा। कुछ महिलाओं ने दूसरे शहरों में मौजूद रिश्तेदारों को वीडियो कॉल करके चांद के दर्शन किए और अपना व्रत खोला।

बाद में मौसम साफ होने पर गुवाहाटी और मुंबई समेत देश के कई हिस्सों में बादलों के बीच चंद्रमा नजर आया। वहीं, राजस्थान के अलवर में चांद देखने के लिए फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतार लगने की खबर सामने आई।

पश्चिमी और मध्य दिल्ली में ज्यादा बारिश का अनुमान

दिल्ली में करीब 12 घंटे तक बारिश होने के बावजूद कई इलाकों में बरसात जारी रही। पश्चिमी और मध्य दिल्ली में इसका असर अधिक देखने को मिला। अनुमान जताया गया कि शुक्रवार तक बारिश के इस दौर में कुछ स्थानों पर कुल वर्षा 50 मिलीमीटर के पार पहुंच सकती है।

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और खराब मौसम के प्रभाव से दिल्ली-NCR के अलावा हरियाणा, फरीदाबाद और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बादल छाए रहने और बारिश होने की जानकारी सामने आई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be