Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

सीतापुर में गणेश महोत्सव के दौरान बड़ा हादसा, बारिश में ढहा धर्मशाला का छज्जा-रेलिंग; महिला की मौत, कई घायल

सीतापुर: शहर के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में गणेश महोत्सव के दौरान तेज बारिश के बीच रेलिंग और छज्जा अचानक ढह गया। हादसे में मलबे की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक महिला को जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की चर्चा भी सामने आई, हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

गणेश पूजन के दौरान तेज बारिश से हुआ हादसा

आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में दोपहर करीब 12:30 बजे गणेश पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शहर के कई परिवार शामिल हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई।

बताया गया कि धर्मशाला के आंगन में लगाए गए तिरपाल में बारिश का पानी भर गया। पानी का भार बढ़ने से ऊपरी मंजिल पर लगी रेलिंग और छज्जा तिरपाल के साथ अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद धर्मशाला परिसर में अफरातफरी मच गई।

जिला अस्पताल में महिला की मौत

हादसे के बाद आनन-फानन में घायल लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां आर्यनगर निवासी 58 वर्षीय उमा कपूर पत्नी शम्मी कपूर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घायलों में निधि पत्नी जितेंद्र, कनिका गुप्ता, आदर्श गुप्ता, बिन्नी कोहली पत्नी तरुण कोहली, अदिति वाजपेई, बबलू वाजपेई और नीति मल्होत्रा पत्नी दिलीप कुमार मल्होत्रा समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार किया गया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

गंभीर महिला को लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी की मौजूदगी में गंभीर रूप से घायल एक महिला को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।

प्रशासन के अनुसार अन्य घायलों की हालत में सुधार है। हादसे की सूचना के बाद कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही भी भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर को घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

आकाशीय बिजली गिरने की चर्चा, प्रशासन ने नहीं की पुष्टि

हादसे के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी चर्चा सामने आई है, लेकिन प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------