सोनिया गांधी ने बताया क्यों लिखी ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’, कहा- राजनीतिक नहीं, निजी जीवन की कहानी है पुस्तक
नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर स्पष्ट किया है कि यह राजनीतिक घटनाक्रम पर आधारित रचना नहीं, बल्कि उनके निजी अनुभवों और जीवन यात्रा का दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखा। सार्वजनिक जीवन की रोजमर्रा की व्यस्तताओं से दूरी बनने के बाद ही उन्हें अपनी जीवन यात्रा को पीछे मुड़कर समझने और उसे शब्दों में ढालने का अवसर मिला।
पुस्तक के बारे में लिखे एक लेख में सोनिया गांधी ने बताया कि उनके जीवन की कहानी का सबसे अहम आधार प्रेम और उससे जुड़ी निष्ठा रही है। इसकी शुरुआत इंग्लैंड में हुई थी, जहां इटली के एक छोटे से कस्बे की 19 वर्षीय युवती की मुलाकात भारतीय छात्र राजीव गांधी से हुई। इस मुलाकात ने उनके जीवन की दिशा बदल दी और उन्हें एक नए देश तथा परिवार से जोड़ दिया।
भारत के प्रति प्रेम ने मुश्किल समय में दिया सहारा
सोनिया गांधी ने भारत आने के बाद अपनी सास इंदिरा गांधी के साथ बने गहरे रिश्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बच्चों के पालन-पोषण के दौरान परिवार ही उनके जीवन का केंद्र रहा। हालांकि, उनकी जिंदगी में ऐसे कठिन दौर भी आए, जब उन्हें असहनीय दुखों का सामना करना पड़ा। उन्होंने पहले अपनी सास इंदिरा गांधी और फिर अपने पति राजीव गांधी को हिंसा में खो दिया।
सोनिया के मुताबिक, इन मुश्किल परिस्थितियों में पति के प्रति प्रेम और भारत से जुड़ाव ने उन्हें हिम्मत दी। भारत वह देश बना, जहां उन्हें अपनापन महसूस हुआ। इसी भावना और कर्तव्यबोध ने उन्हें सार्वजनिक जीवन में आने के लिए प्रेरित किया, जबकि यह उनकी स्वाभाविक इच्छा नहीं थी।
परिवार को अपने अनुभवों के आधार पर पेश करने की कोशिश
सोनिया गांधी ने कहा कि उनके परिवार के बारे में अब तक काफी कुछ लिखा जा चुका है, लेकिन कई बार परिवार के सदस्यों के व्यक्तित्व, उनकी प्रेरणाओं, संघर्षों और मानवीय कमजोरियों को वास्तविक रूप में समझने की कोशिश नहीं हुई।

उन्होंने अपनी पुस्तक में परिवार के लोगों को उसी रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है, जैसा उन्होंने उन्हें करीब से जाना और उनसे प्रेम किया। उनके अनुसार, यह पुस्तक उनके निजी अनुभवों और रिश्तों के जरिए उनके जीवन को समझने का एक प्रयास है।
पांच दशक से अधिक समय में बदलते भारत की गवाह रहीं सोनिया
सोनिया गांधी ने बताया कि वह भारत में पांच दशक से ज्यादा समय से रह रही हैं। इस दौरान उन्होंने देश को कई बड़े बदलावों से गुजरते देखा है। शुरुआती वर्षों में उन्होंने इन बदलावों को एक किनारे से देखा, जबकि बाद के समय में वह देश की राजनीतिक और सार्वजनिक गतिविधियों के केंद्र में रहीं।
उन्होंने अपनी पुस्तक को भारत की परिवर्तन यात्रा और देश के साथ अपने जुड़ाव का व्यक्तिगत वृत्तांत बताया है। सोनिया के लिए भारत केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि वह देश है जिसे उन्होंने अपना घर माना और जिसके साथ उनका जीवन गहराई से जुड़ गया।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
