Thursday, November 12, 2026
उत्तर प्रदेश

“10 साल से प्यार करता हूं, शादी करोगी या नहीं?” प्रेमिका के इनकार पर मॉल की दूसरी मंजिल से कूदा युवक, अस्पताल में मौत

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मॉल के अंदर प्रेमिका से शादी को लेकर हुई कहासुनी के बाद 30 वर्षीय युवक ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छलांग लगाने से पहले युवक ने उससे शादी को लेकर सवाल किया था।

घटना बुधवार शाम रावतपुर क्रॉसिंग के पास स्थित एक मॉल में हुई। मृतक की पहचान चमनगंज के नाला रोड निवासी सिकंदर के रूप में हुई है। वह सऊदी अरब में नौकरी करता था। साथियों के मुताबिक, सिकंदर का अपनी एक रिश्तेदार की बेटी से करीब 10 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

सऊदी जाने के बाद रिश्ते में आई दूरी

बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले नौकरी के सिलसिले में सिकंदर सऊदी अरब चला गया था। इसी दौरान युवती किसी दूसरे युवक को पसंद करने लगी। जब सिकंदर को इस बात की जानकारी हुई तो उसने युवती से बातचीत करने का फैसला किया।

बुधवार को वह अपने दो साथियों के साथ मॉल पहुंचा और युवती को भी वहां बुलाया। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई, लेकिन युवती के तैयार नहीं होने पर कहासुनी हो गई।

शादी से इनकार पर दूसरी मंजिल से लगाई छलांग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिकंदर युवती से कह रहा था कि वह पिछले 10 साल से उससे प्रेम करता है और उसी के लिए सऊदी अरब में नौकरी करने गया था। उसने युवती से शादी करने के बारे में पूछा। बताया गया कि युवती के इनकार करने पर उसने जान देने की धमकी दी और फिर मॉल की दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी।

ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी के मुताबिक, परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हर्षित हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

कानपुर में एक अन्य मामले में बंबा रोड पर 16 वर्षीय हर्षित की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मयंक उर्फ मंकू और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। फजलगंज पुलिस ने बुधवार रात तीनों को दर्शनपुरवा स्थित सेंट्रल पार्क से पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में हत्या की वजह मामूली विवाद सामने आया है। आरोप है कि हर्षित ने मयंक के काम को लेकर टिप्पणी की थी। इसी बात से नाराज होकर मयंक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

प्याज काटने वाला चाकू लेकर किया हमला

बंबा रोड निवासी महेश कुमार अहिरवार का 16 वर्षीय बेटा हर्षित मंगलवार रात घर के पास अपने कुछ साथियों के साथ खड़ा था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान हर्षित ने मयंक के काम को लेकर टिप्पणी कर दी। इस पर मयंक भड़क गया और पास में भेलपुरी का ठेला लगाने वाले दुकानदार से प्याज काटने वाला चाकू ले आया।

आरोप है कि मौका मिलते ही उसने हर्षित पर हमला कर दिया। चाकू किशोर के सीने में बाईं ओर लगा, जिससे उसका दिल क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक, गंभीर चोट के कारण करीब 22 सेकंड के भीतर ही हर्षित की मौत हो गई।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be