Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में TOCFL परीक्षा संपन्न, सफल छात्रों को ताइवान में 100% छात्रवृत्ति का अवसर

बरेली,02अप्रैल। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के मानविकी विभाग में संचालित बहुभाषिक केंद्र में Test of Chinese as a Foreign Language (TOCFL) परीक्षा का दिनांक 29 मार्च, 2026 को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह की प्रेरणा से सफल आयोजन किया गया। यह परीक्षा ताइवान एजुकेशन एंड कल्चरल सेंटर (TECC), नई दिल्ली के सहयोग से संपन्न हुई, जिसमें कुल 15 छात्रों ने सहभागिता की।
TECC द्वारा आयोजित आगामी साक्षात्कार परीक्षा और ताइवान में अध्ययन हेतु आवश्यक मानकों के अनुरूप छात्रों को तैयार करने के लिए बहुभाषिक केंद्र की समन्वयक प्रो० अनीता त्यागी ने विश्वविद्यालय के वरिष्ठ आचार्यों की एक समिति का गठन किया, समिति ने आज इन विद्यार्थियों की भाषा दक्षता, संप्रेषण कौशल और विषयगत समझ का मूल्यांकन करने के लिए एक विशेष साक्षात्कार सत्र का आयोजन किया। जिसमे सभी विद्यार्थी ने भाग लिया l
बहुभाषिक केंद्र में ताइवान से आई मंदारिन भाषा की शिक्षिका मिस चियाली चेन के अनुसार यह परीक्षा छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मंदारिन भाषा दक्षता सिद्ध करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। इस परीक्षा एवं चयन प्रक्रिया में सफल होने वाले विद्यार्थियों को ताइवान सरकार द्वारा 100% छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिसके अंतर्गत ट्यूशन फीस सहित अन्य शैक्षणिक व्यय का वहन ताइवान सरकार द्वारा किया जाता है।
TECC द्वारा आगामी साक्षात्कार परीक्षा जल्दी ही आयोजित की जाएगी l चयनित छात्रों को ताइवान के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय के बहुभाषिक केंद्र में गत वर्षों में भी TOCFL परीक्षा, हर वर्ष केंद्र में पढ़ने वाले छात्रों के लिए सफलतापूर्वक आयोजित की जाती रही हैं। इन परीक्षाओं के माध्यम से चयनित कई छात्र पूर्व में ताइवान जाकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं तथा कई छात्र वर्तमान में ताइवान के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत हैं। बहुभाषिक केंद्र से ताइवान जाने वाला यह पाँचवा बैच है।
बहुभाषिक केंद्र द्वारा आयोजित यह पहल विश्वविद्यालय के छात्रों को वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह निरंतरता विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक उपलब्धियों को दर्शाती है। इस अवसर पर विभाग के अन्य सभी शिक्षकों ने छात्रों को भविष्य में ऐसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साक्षात्कार समिति की अध्यक्ष प्रो० अनीता त्यागी ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मैं सभी प्रतिभागी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूँ। यह अवसर उनके जीवन में नई दिशाएँ और नए अवसर खोलेगा। अधिक से अधिक छात्रों को चाहिए कि वे केंद्र द्वारा प्रदत्त अंतरराष्ट्रीय संभावनाओं का लाभ उठाएं और अपने कौशल को वैश्विक स्तर पर विकसित करें।”
परीक्षा के बाद छात्रों ने अपने अनुभव भी साझा किए। गीतांजलि तिवारी ने बताया, “TOCFL परीक्षा का अनुभव काफी सकारात्मक रहा। प्रश्नपत्र संतुलित था और हमारी तैयारी के अनुरूप था। यह परीक्षा हमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का अवसर देती है।”
मोहम्मद अनस ने कहा, “मंदारिन भाषा सीखना मेरे लिए एक नया अनुभव रहा है। इस परीक्षा के माध्यम से ताइवान में पढ़ाई का अवसर मिलना मेरे करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। मॉक इंटरव्यू से भी हमें काफी आत्मविश्वास मिला।”

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------