Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

14 कोसी मार्ग चौड़ीकरण: प्रभावितों को 2.26 करोड़ का मुआवजा, पांच व्यापारियों को मिलेंगी दुकानें

डा विशाखा श्रीवास्तव टीएलटी,अयोध्या। नाका क्षेत्र में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की दिशा में प्रशासनिक सहमति बन गई है। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने प्रभावितों को दिए जाने वाले मुआवजे और पुनर्वास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 भवन स्वामियों को कुल दो करोड़ 26 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। इसमें भवन स्वामियों के साथ प्रभावित किराएदारों को भी शामिल किया गया है। कार्रवाई से प्रभावित पांच व्यापारियों को नगर निगम अथवा अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से निर्मित दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे प्रभावित व्यापारियों को दोबारा अपना कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा। प्रभावितों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी दिलाया जाएगा।
14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर नाका क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों की ओर से मुआवजे और पुनर्वास की मांग उठाई गई थी। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं और इसके बाद जिलाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान की दिशा में पहल की। अब मुआवजे पर सहमति बनने के बाद प्रभावितों को बड़ी राहत मिली है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर प्रशासन के अधिकारियों के साथ लगातार वार्ता की गई। कार्रवाई से प्रभावित लोगो को उनकी अपेक्षा के अनुरुप राहत दिलाने का प्रयास किया गया। प्रभावित परिवारों की समस्या का समाधान कराया गया। उन्होंने कहा कि जिन भवन स्वामियों और किराएदारों को नुकसान हुआ है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मुआवजा दिया जा रहा है। पांच व्यापारियों को नगर निगम अथवा विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित दुकानें उपलब्ध कराने की सहमति बनी है। प्रभावितों को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ व आवास की सुविधा भी दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत मिले और वे अपने जीवन-यापन को फिर से व्यवस्थित कर सकें, ।

-------------------------------------------------------------------------------------------

नगर निगम बनाएगा वेडिंग जोन, –
नाका क्षेत्र में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण से विस्थापित दुकानदारों को फिलहाल अस्थायी राहत देने की तैयारी नगर निगम ने की है। मेयर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि बारिश और धूप से बचाव के लिए जल्द ही अस्थायी शेड बनाए जाएंगे। इसके साथ ही मोबाइल टॉयलेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। स्थायी पुनर्वास के लिए जिला प्रशासन से नजूल की जमीन उपलब्ध कराने को लेकर वार्ता चल रही है। जमीन मिलते ही नगर निगम वहां वेंडिंग जोन विकसित करेगा और विस्थापित दुकानदारों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है और अस्थायी शेड का काम जल्द शुरू होगा।।मेयर ने विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

---------------------------------------------------------------------------------------------------