अंजू की तरह पाकिस्तानी प्रेमी के पास लाहौर जा रही थी 16 साल की लड़की, पकड़ी गई तो बड़ा खुलासा
भारत से पाकिस्तान भागने की कोशिश कर रही एक 16 साल की लड़की को राजस्थान में पकड़ा गया है। नाबालिग को जयपुर एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, युवती पाकिस्तान का टिकट खरीदना चाहती थी। पहले उसने खुद को पाकिस्तानी बताया लेकिन उसके पास न तो पासपोर्ट था और न ही वीजा। शुरुआती पूछताछ में लड़की ने बताया कि उसका नाम गजल है और वो पाकिस्तान की है। लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हैरान करने वाले खुलासे किए।
डीसीपी ज्ञानचंद यादव ने बताया, ‘हिरासत में लेने के बाद युवती से गहनता से पूछताछ की गई। लड़की ने जो स्थानीय पता बताया उसे वेरीफाई किया गया लेकिन सारे तथ्य गलत पाए गए। लड़की के पास से कोई भी दस्तावेज नहीं मिले, उसके पास फोन भी नहीं था। लड़की बारहवीं पास है। उसकी दोस्ती असलम लाहौरी नाम के एक युवक से इंस्टाग्राम पर हुई थी। असलम ने खुद को पाकिस्तानी बताया था।’
डीसीपी ने आगे बताया, ‘असलम लाहौरी ने लड़की से कहा कि तुम पाकिस्तान आ जाओ। असलम ने ही उसे एयरपोर्ट पर जाने को कहा। युवती फिर जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंची। वहां उसने बुर्का पहना। और फिर पाकिस्तान का टिकट खरीदने चली गई। लड़की और असलम की दोस्ती एक साल पहले हुई थी। लड़की ने बताया कि उसकी एक क्लासमेट के साथ भी असलम की दोस्ती है। दोनों इंस्टाग्राम पर चैट करते थे।’
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया, ‘प्रेमी से मिलने पाकिस्तान जा रही लड़की पढ़ने में तेज है। लड़की के परिजनों से बातचीत की गई है। यह कंफर्म हो गया है कि लड़की न तो पाकिस्तान की है और न ही वो यहां तीन साल पहले आई है।’ वहीं इस केस को लेकर पुलिस का कहना है कि नाबालिग लड़की का आरोपी ने ब्रेन वॉश किया है। पुलिस का कहना है कि यह हनीट्रैप का मामला लगता है।

पुलिस लड़की के मोबाइल फोन से युवक का इंस्टाग्राम अकाउंट चेक कर रही है। यह लड़का अब तक भारत की कितनी लड़कियों को हनीट्रेप में फंसा चुका है, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है। लड़की ने बताया कि मेरी स्कूल की दूसरी लड़कियों से भी उस लड़के की दोस्ती है।
लड़की से पूछताछ जारी है। वहीं एयरपोर्ट पर लड़की के साथ दो और लड़के भी गए थे। पुलिस ने इन लड़कों को भी पकड़ लिया है। उनसे भी पूछताछ की जा रही है। बता दें कि बीते दिनों राजस्थान की अंजू अपने लवर से मिलने पाकिस्तान गई थी। शुरुआत में उसने दावा किया कि वो वहां घूमने और अपने दोस्त से मिलने गई है। लेकिन पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया कि अंजू और उसके आशिक नसरुल्ला का निकाह हो गया है। वहीं यह भी दावा किया जा रहा है कि अंजू मुस्लिम धर्म अपना ली है।