खेल

दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस के पिता का निधन, ओलंपिक में भारत को दिलाया था ब्रॉन्ज मेडल

नई दिल्ली: भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस के पिता वेस पेस का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे और कोलकाता के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

वेस पेस 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थे। वे टीम में मिडफील्डर की भूमिका निभाते थे। हॉकी के अलावा उन्होंने फुटबॉल, क्रिकेट और रग्बी जैसे अन्य खेलों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई थी।

खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सिर्फ एक खिलाड़ी तक सीमित नहीं रही। वे 1996 से 2002 तक भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा वे एक प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स मेडिसिन डॉक्टर भी थे। उन्होंने एशियाई क्रिकेट परिषद, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और भारतीय डेविस कप टीम जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ मेडिकल कंसल्टेंट के रूप में भी सेवाएं दीं।

वेस पेस दुनिया के सबसे पुराने खेल क्लबों में से एक, कलकत्ता क्रिकेट और फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष भी रह चुके थे। उन्होंने पूर्व भारतीय बास्केटबॉल खिलाड़ी और बंगाली कवि माइकल मधुसूदन दत्त की परपोती जेनिफर डटन से विवाह किया था।

उनके बेटे लिएंडर पेस ने भी भारत को ओलंपिक में गौरव दिलाया है। लिएंडर ने 1996 के अटलांटा ओलंपिक में टेनिस सिंगल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वेस और लिएंडर पेस भारत की एकमात्र ऐसी पिता-पुत्र की जोड़ी हैं, जिन्होंने ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीता है। वेस पेस का भारतीय खेलों में योगदान अमूल्य रहा है और उनके निधन से भारतीय खेल समुदाय ने एक महान मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत को खो दिया है।