Saturday, February 21, 2026
Latest:
बिजनेसलाइफस्टाइल

Christmas Scam Alert: त्योहार की खुशियों में न लग जाए ग्रहण, इन ऑनलाइन फ्रॉड से मिनटों में खाली हो सकती है जेब

डिजिटल युग में ऑनलाइन शॉपिंग जितनी आसान हुई है, उतने ही तेजी से ऑनलाइन फ्रॉड के मामले भी बढ़े हैं। खासकर त्योहारों और बड़े सेल सीजन में स्कैमर्स ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं। अब क्रिसमस और न्यू ईयर का मौका नजदीक है, ऐसे में लोग जमकर ऑनलाइन खरीदारी करेंगे। इसी का फायदा उठाकर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना सकते हैं।

खास चिंता की बात यह है कि अब AI तकनीक की मदद से ऐसे स्कैम किए जा रहे हैं, जिन्हें पहचानना आम यूजर्स के लिए काफी मुश्किल हो गया है। फर्जी मैसेज, नकली वेबसाइट और लुभावने ऑफर्स के जरिए मिनटों में बैंक अकाउंट खाली किया जा सकता है। इसलिए जरूरी है कि समय रहते सतर्क रहा जाए।

क्रिसमस के नाम पर चल रहे हैं ये बड़े स्कैम

फेक डिलीवरी स्कैम
इस स्कैम में लोगों को एक मैसेज या ईमेल भेजा जाता है, जिसमें लिखा होता है कि आपका पार्सल डिलीवर नहीं हो पाया है और एड्रेस अपडेट करना जरूरी है। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही यूजर को एक फर्जी वेबसाइट पर भेज दिया जाता है, जहां उसकी पर्सनल और बैंकिंग डिटेल्स चोरी कर ली जाती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस साल ऐसे फ्रॉड के मामले दोगुने हो गए हैं।

फर्जी गिवअवे और गिफ्ट स्कैम
इंस्टाग्राम, फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर क्रिसमस गिफ्ट के नाम पर फर्जी गिवअवे चलाए जाते हैं। यूजर्स को बताया जाता है कि उन्हें गिफ्ट मिला है, बस डिलीवरी के लिए थोड़ी सी शिपिंग फीस देनी होगी। जैसे ही लिंक पर क्लिक किया जाता है, स्कैमर्स आपकी निजी जानकारी हासिल कर लेते हैं।

फर्जी वेबसाइट पर बंपर सेल
इस स्कैम में ठग असली ई-कॉमर्स साइट जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बना लेते हैं। भारी डिस्काउंट और लिमिटेड ऑफर दिखाकर लोगों को खरीदारी के लिए उकसाया जाता है। पेमेंट करते ही पैसा स्कैमर्स के खाते में चला जाता है और ग्राहक के हाथ न प्रोडक्ट आता है, न पैसा वापस।

ऐसे रखें खुद को सुरक्षित

  • सोशल मीडिया पर दिख रहे लुभावने ऑफर्स और विज्ञापनों से सावधान रहें।
  • हमेशा ऑफिशियल और भरोसेमंद वेबसाइट से ही शॉपिंग करें।
  • किसी अनजान मैसेज, ईमेल या कॉल पर अपनी पर्सनल या बैंक डिटेल्स बिल्कुल साझा न करें।
  • लिंक पर क्लिक करने से पहले URL को ध्यान से जांच लें।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------