रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय स्थित स्वास्थ्य केन्द्र पर निशुल्क डेंटल शिविर का आयोजन

बरेली ,11 फरवरी। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर, इंस्टीट्यूट आफ डेंटल साइंस बी आई यू द्वारा कल एक निशुल्क डेंटल शिविर का आयोजन माननीय कुलपति महोदय के निर्देशन में किया गया। माननीय कुलपति महोदय का मानना है कि डेंटल यानी दांतों की सुरक्षा ही शरीर की नींव होती है और अगर दांत स्वस्थ होंगे तो मस्तिष्क स्वस्थ होगा और शरीर स्वस्थ रहेगा। इस कैंप में लगभग 50 लोगों ने अपने दांतों का परीक्षण और उपचार के लिए परामर्श लिया, जिसमें विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं शामिल थे।
कैंप में डेंटल कॉलेज की प्रोफेसर और एक्सपर्ट डॉक्टर जयश्री गर्ग जी ने लोगों का निशुल्क परीक्षण किया और उनका उपचार बताया। उन्होंने दांतों की देखभाल और स्वच्छता के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। स्वास्थ्य केंद्र के प्रशासक डॉ अमित कुमार वर्मा ने बताया कि उनके स्वास्थ्य केंद्र पर कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह के संरक्षण में समय-समय पर कैंप का आयोजन होता रहता है, जिससे विश्वविद्यालय कैंपस में रहने वाले सभी लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

विश्वविद्यालय की डिप्टी रजिस्ट्रार श्रीमति ममता सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के आयोजन से लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सकता है। इस आयोजन में दीपक वर्मा, सुरभि शाक्य, विनय मिश्रा, प्रगति तिवारी, अक्षय, खुशी, मुनीश, राजू, दीपक कनौजिया, राजेश कुमार और मीडिया सेल के कई लोग उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


