मणिकर्णिका आर्ट गैलरी द्वारा आयोजित ‘रंग-वर्णिका’ समूह कला प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन

लखनऊ। मणिकर्णिका आर्ट गैलरी द्वारा आयोजित ‘रंग-वर्णिका’ समूह कला प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन कला स्रोत आर्ट गैलरी, अलीगंज, लखनऊ में संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुँ मानवेन्द्र सिंह जी रहे। उद्घाटन अवसर पर कला, संस्कृति एवं साहित्य जगत से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिकों, कलाकारों एवं कला प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि श्री मानवेन्द्र सिंह जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि कला समाज की संवेदनाओं, विचारों और सांस्कृतिक चेतना को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। ‘रंग-वर्णिका’ जैसी प्रदर्शनियां कलाकारों को मंच देने के साथ-साथ समाज को रचनात्मक दृष्टि से समृद्ध करती हैं। उन्होंने मणिकर्णिका आर्ट गैलरी द्वारा निरंतर किए जा रहे कला आयोजनों की सराहना करते हुए इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

इस अवसर पर प्रख्यात कलाकार प्रो. उमेश कुमार सक्सेना ने संक्षिप्त उद्बोधन में प्रदर्शित कलाकृतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में समकालीन कला की विविधता और गहराई स्पष्ट रूप से देखने को मिलती है। उन्होंने मणिकर्णिका आर्ट गैलरी एवं संयोजक के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर प्रदर्शनी की संयोजक एवं मणिकर्णिका आर्ट गैलरी की डायरेक्टर कामिनी बघेल ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि ‘रंग-वर्णिका’ देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों के रंगों, भावों और विचारों का साझा मंच है।

उन्होंने यह भी कहा कि मणिकर्णिका आर्ट गैलरी लगातार ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कला प्रदर्शनियों का आयोजन कर रही है, जिससे कलाकारों को व्यापक पहचान और नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने वेन्यू उपलब्ध कराने हेतु कला स्रोत आर्ट गैलरी का धन्यवाद किया। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से आए 23 कलाकारों की कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं। इनमें अभिषेक कुमार (मुंगेर, बिहार), अल्का शर्मा (गाजियाबाद), बिंदु (नई दिल्ली), दिव्याश्री नागेश्वरन (कोयंबटूर, तमिलनाडु), डॉ. (ऑन.) अभिलाषा निगम (लखनऊ), डॉ. प्रमिला सिंह (झांसी), डॉ. पुष्पा अग्रवाल (रायपुर), इशानी सिन्हा (पटना), इस्तुति सिन्हा (झांसी), कामिनी बघेल (झांसी), ममता प्रकाश श्रीवास्तव (लखनऊ), मोहम्मद इसाक (लखनऊ), नीरा निगम (लखनऊ), नीलू परवीन (झांसी), पायल केवळानी (लखनऊ), पायल वर्मा (लखनऊ), पूजा श्रीवास्तव (कानपुर), पूनम सिंह (देहरादून), प्रणय विलास कडुस्कर (पुलगांव, महाराष्ट्र), रवि प्रकाश सिंह (लखनऊ), रेशमा गुरनानी (लखनऊ), शर्मिष्ठा सेन (नई दिल्ली) तथा सिखा नंदन (कोलकाता) शामिल हैं।

प्रदर्शित कलाकृतियों में नारी जीवन, लोक संस्कृति, प्रकृति, सामाजिक सरोकारों एवं समसामयिक विषयों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति देखने को मिलती है।
‘रंग-वर्णिका’ समूह कला प्रदर्शनी 21 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से सायं 8:00 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी।


