आज का मौसम: यूपी–एमपी में बारिश का अलर्ट, हरियाणा–पंजाब और राजस्थान में ओले गिरने की संभावना, केरल में पारा 36 डिग्री के पार

नई दिल्ली: पश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के मौसम में आज बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है।
इन राज्यों में आज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 18 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं 18 और 19 फरवरी को उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी के संकेत हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत में बढ़ता तापमान
दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, सिक्किम, असम और मेघालय में न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल और माहे में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है।

केरल में गर्मी का असर, पारा 36 डिग्री के पार
देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस पूर्वी उत्तर प्रदेश के बांदा में दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस केरल के कोच्चि में रिकॉर्ड किया गया है। ओडिशा, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, गुजरात और तटीय कर्नाटक में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में तापमान लगभग सामान्य बना रह सकता है। अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 19 फरवरी तक ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


