रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के शोधार्थी रवि कुमार ने CSIR-JRF में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 149

बरेली,24 फरवरी।एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के पादप विज्ञान विभाग के पीएचडी शोधार्थी रवि कुमार ने प्रतिष्ठित CSIR-JRF परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 149 प्राप्त की है।उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विश्वविद्यालय एवं विभाग में हर्ष का वातावरण है।

रवि कुमार वर्तमान में मरकरी (पारा) प्रदूषण की बायोरिमेडिएशन पर अपना शोध कार्य कर रहे हैं। उनका शोध पर्यावरण में उपस्थित विषैली भारी धातुओं को जैविक माध्यमों से निष्क्रिय एवं नियंत्रित करने की दिशा में केंद्रित है, जो पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक श्रीवास्तव, प्रो. संजय कुमार गर्ग, प्रो. जे. एन मौर्य,डॉ विजय कुमार सिन्हाल ने रवि कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विभाग की शोध-उन्मुख परंपरा और छात्रों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रवि भविष्य में भी उच्च स्तरीय शोध कार्य कर संस्थान का नाम रोशन करेंगे।

रवि के पीएचडी पर्यवेक्षक डॉ. पंकज अरोड़ा ने भी उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता उनके समर्पण, अनुशासन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रतिफल है। उन्होंने बताया कि रवि का शोध कार्य पर्यावरणीय विषाक्तता को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
रवि कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, परिवार और साथियों के सहयोग को दिया है। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
