Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

परिसीमन से यूपी में 120 लोकसभा और 605 विधानसभा सीटें होने की संभावना, महिला आरक्षण पर भी डॉ. राजेश्वर सिंह ने दिया बड़ा बयान

 

लखनऊ: सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े केंद्र सरकार के तीन विधायी प्रस्तावों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों से लोकतंत्र का दायरा बढ़ेगा और महिलाओं को देश की नीतियां बनाने में निर्णायक भागीदारी का अवसर मिलेगा। उनके मुताबिक, हर राज्य में लोकसभा और विधानसभा की मौजूदा सीटें 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। वहीं, वर्ष 2029 से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को साहसिक और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि ये विधेयक समय की मांग हैं। उन्होंने विपक्षी दलों की ओर से किए जा रहे विरोध पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने विरोध और अवरोध के बावजूद राज्यों की चिंताओं को ध्यान में रखा है। उनके अनुसार, सभी राज्यों में सीटों की समान अनुपात में वृद्धि का प्रस्ताव प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखने की कोशिश है।

महिला आरक्षण से फैसले लेने की प्रक्रिया में बढ़ेगी भागीदारी

डॉ. सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण का मतलब केवल संसद और विधानसभाओं में कुछ अतिरिक्त सीटें देना नहीं है, बल्कि देश की आधी आबादी को उन फैसलों में भागीदार बनाना है, जिनका सीधा असर उनके जीवन पर पड़ता है। लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने से महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार, पोषण और आर्थिक नीतियों के निर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को उनकी आरक्षित श्रेणियों के भीतर प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।

यूपी में 80 से बढ़कर 120 हो सकती हैं लोकसभा सीटें

परिसीमन प्रस्तावों का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि पिछले कई दशकों में देश की आबादी, शहरीकरण और सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों में बड़े बदलाव आए हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाना जरूरी हो गया है, ताकि बदलती जरूरतों के मुताबिक जनता की आवाज को बेहतर तरीके से सदन तक पहुंचाया जा सके।

प्रस्ताव के अनुसार, हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि की बात कही गई है। डॉ. सिंह के मुताबिक, ऐसा होने पर उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 हो सकती है। वहीं, विधानसभा की 403 सीटें बढ़कर करीब 605 होने की संभावना है। इससे प्रदेश को लोकसभा में 40 और विधानसभा में लगभग 202 नए जनप्रतिनिधि मिल सकते हैं।

लखनऊ और सरोजनीनगर का उदाहरण देकर समझाई जरूरत

डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रतिनिधित्व बढ़ाने की जरूरत समझाते हुए लखनऊ का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि राजधानी में तेजी से शहरी विस्तार हो रहा है, जबकि सरोजनीनगर जैसे क्षेत्रों में गांव, औद्योगिक इलाके, नई आवासीय सोसाइटियां और विकसित होती बस्तियां एक साथ मौजूद हैं।

उनके अनुसार, अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों को समझने, स्थानीय समस्याओं को नीति निर्माण तक पहुंचाने और जनता के साथ संवाद को प्रभावी बनाने के लिए प्रतिनिधित्व का विस्तार जरूरी है।

तारा शक्ति केंद्रों से 11 हजार से अधिक महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

सरोजनीनगर में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए विधायक ने बताया कि तारा शक्ति केंद्रों के माध्यम से 11 हजार से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का आधार मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अवसर मिलने पर वे परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाती हैं। ऐसे में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देना समय की जरूरत है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be