लखनऊ को जाम से बड़ी राहत: राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने किया ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण, शहर की कनेक्टिविटी होगी और बेहतर

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समता मूलक चौराहे से डालीगंज तक बने ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के दूसरे चरण का लोकार्पण किया। इस अवसर पर परियोजना के अगले चरण का शिलान्यास भी किया गया। इस कॉरिडोर के शुरू होने से शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन अधिक तेज और सुगम होने की उम्मीद है, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिल सकेगी।

ग्रीन कॉरिडोर से हजरतगंज, डालीगंज और निशातगंज में जाम से राहत
ग्रीन कॉरिडोर परियोजना का पहला चरण 11 मार्च 2024 को शुरू किया गया था, जिसकी लागत करीब 100 करोड़ रुपये थी। इस चरण के तहत 6.8 किलोमीटर लंबा पुल आईआईएम रोड से पक्का पुल तक बनाया गया था। वहीं दूसरे चरण में लगभग 299 करोड़ रुपये की लागत से डालीगंज से निशातगंज होते हुए समता मूलक चौक तक पुल का निर्माण किया गया है। लगभग सात किलोमीटर लंबे इस हिस्से के शुरू होने से हजरतगंज, डालीगंज और निशातगंज जैसे घनी आबादी वाले और व्यस्त क्षेत्रों में लगने वाले भीषण जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पाकिस्तान भारत की ओर देखने से पहले कई बार सोचेगा: राजनाथ सिंह
ग्रीन कॉरिडोर के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान झूलेलाल वाटिका में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को लेकर कड़ा संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान ने दोबारा भारत पर हमला करने के बारे में सोचा तो उसे ऐसा जवाब दिया जाएगा कि वह उससे कभी उबर नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को करारा जवाब दिया गया था, जिसके बाद वह भारत की ओर आंख उठाने से पहले कई बार सोचेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान में ऐसी तबाही मचाई कि वह कांप उठा। उन्होंने कहा कि लखनऊ देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां से देश को सैनिक भी मिलते हैं, हथियार भी जाते हैं और यही शहर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले सांसद को भी देता है।

उत्तर प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में स्थापित करेगा नए मानदंड
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के गोल्फ सिटी क्षेत्र में स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल परिसर के मुख्य भवन का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का ध्यान केवल नए स्कूल और कॉलेज खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार करने पर है जिसमें बच्चे बेहतर ढंग से शिक्षा प्राप्त कर सकें और अपने भविष्य को मजबूत बना सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षण संस्थान केवल राज्य के छात्रों के लिए ही नहीं बल्कि देश के अन्य हिस्सों के छात्रों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनकर उभरेंगे। उनका विश्वास है कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे समन्वित प्रयासों के कारण आने वाले समय में उत्तर प्रदेश नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
