पेट्रोल की किल्लत के बीच अनोखी तस्वीर: बुलेट छोड़ घोड़े पर सवार होकर ऑफिस पहुंचा बैंककर्मी, देवास में लोग रह गए हैरान

मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की कथित कमी को लेकर लगातार चर्चाएं तेज हैं। हालांकि प्रशासन स्तर पर बार-बार किल्लत से इनकार किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। देवास में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें और लोगों में बढ़ती बेचैनी के बीच एक ऐसा नजारा सामने आया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया।

पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, बढ़ा लोगों का तनाव
देवास शहर में पेट्रोल-डीजल की कमी की खबर फैलते ही लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों की ओर उमड़ पड़े। मंगलवार रात कई पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें देखी गईं। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कुछ जगहों पर धक्का-मुक्की और विवाद तक की नौबत आ गई। इसी अफरा-तफरी के बीच एयू फाइनेंस बैंक के कर्मचारी गोपाल ठाकुर भी अपनी बुलेट बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे, लेकिन लंबी कतार देखकर उनकी परेशानी बढ़ गई।
बुलेट खड़ी कर घोड़े से निकले ऑफिस के लिए
गोपाल ठाकुर के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी समय पर ऑफिस पहुंचना। बाइक में इतना पेट्रोल नहीं था कि वे लंबी दूरी तय कर सकें। ऐसे में उन्होंने एक अनोखा फैसला लिया। बाइक को घर पर खड़ा किया और घोड़े पर सवार होकर ऑफिस के लिए निकल पड़े। जब वे शहर की सड़कों पर घोड़े से जाते नजर आए तो लोग हैरान रह गए। राहगीरों ने इस अनोखे दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करना शुरू कर दिया।
सहकर्मी भी रह गए चकित, वीडियो हुआ वायरल
घोड़े पर सवार होकर ऑफिस पहुंचे गोपाल ठाकुर को देखकर उनके सहकर्मी भी चौंक गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

खुद कर्मचारी ने बताई पूरी वजह
राधागंज निवासी गोपाल ठाकुर ने बताया कि वे एयू फाइनेंस बैंक में कार्यरत हैं और उनका ऑफिस जवाहर नगर में स्थित है। पेट्रोल पंप पर लंबी लाइन के कारण समय पर ऑफिस पहुंचना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में उन्होंने घोड़े का सहारा लिया ताकि समय पर ब्रांच पहुंच सकें।
कई शहरों में दिख रहा ऐसा ही माहौल
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के अलीराजपुर, उज्जैन, रतलाम, नीमच और इंदौर सहित कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। इन खबरों के चलते लोगों में घबराहट बढ़ रही है और पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
