Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जनगणना की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक, अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा निर्देश

गोण्डा 07 अप्रैल,2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनगणना तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति, तैयारियों एवं संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएगी।

-------------------------------------------------------------------------------------------

उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जनगणना कार्य के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत ड्यूटी लगाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह कार्य समय से प्रारंभ हो सके और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना की सफलता के लिए विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर जनगणना कार्य में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनगणना कार्य से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा आवश्यक प्रशिक्षण, संसाधन एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी सदर गोंडा अशोक कुमार गुप्ता, उपजिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी करनैलगंज सुश्री नेहा मिश्रा, उपजिलाधिकारी मनकापुर जितेंद्र गौतम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------