Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में गुजरात दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

बरेली,30 अप्रैल। माननीय राज्यपाल महोदया के गरिमामय निर्देशन में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर में कल ‘गुजरात दिवस’ के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक एवं क्रीड़ा सचिव प्रो. एस. एस. बेदी ने बताया कि इस आयोजन का प्राथमिक उद्देश्य भाषायी और सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करना है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को एक-दूसरे की संस्कृति के करीब लाना और उनमें सामंजस्य की भावना विकसित करना इस कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धि रही।

विश्वविद्यालय के क्रीड़ांगन में दौड़, शॉट पुट, लंबी कूद तथा कुश्ती जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर माननीय कुलपति जी ने कहा कि ऐसे आयोजन “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गुजरात दिवस के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की विविधता एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

क्रीड़ा सचिव प्रो. एस. एस. बेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का भी सशक्त साधन हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रो. संजय मिश्रा, प्रो. तुलिका सक्सेना, प्रो. पी. बी. सिंह, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. विजय सिन्हाल, डॉ. नीरज कुमार एवं डॉ. सौरभ वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में अन्य गणमान्य अतिथि एवं संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------