बीबीएयू ने शुरू किया ‘Healthy Mind, Happy Life’ अभियान, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए चलेगी विशेष लेक्चर सीरीज़

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक नई शैक्षणिक पहल की शुरुआत की है। विश्वविद्यालय के मानव विकास एवं परिवार अध्ययन विभाग द्वारा ‘Healthy Mind, Happy Life’ लेक्चर सीरीज़ लॉन्च की गई है। इस अभियान का उद्देश्य समाज के हर आयु वर्ग में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को सकारात्मक तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

विश्वविद्यालय की ओर से शुरू की गई इस विशेष लेक्चर सीरीज़ की रिकॉर्डिंग और निर्माण कार्य इलेक्ट्रॉनिक मल्टीमीडिया रिसर्च सेंटर (EMMRC) और मीडिया सेंटर के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम को डिजिटल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
15 व्याख्यानों के जरिए मानसिक स्वास्थ्य पर होगा फोकस
इस अभियान के तहत कुल 15 लेक्चर प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और खुशहाल जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम में बच्चों, किशोरों, युवाओं, वयस्कों और वरिष्ठ नागरिकों समेत हर आयु वर्ग को ध्यान में रखते हुए विषय तय किए गए हैं, ताकि समाज के सभी वर्ग इससे लाभान्वित हो सकें।
विद्यार्थियों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक को मिलेगा लाभ

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह लेक्चर सीरीज़ विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, नौकरीपेशा लोगों, गृहिणियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सामाजिक सोच को सकारात्मक बनाना और लोगों को जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित करना भी है।
साथ ही लोगों में एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
इन प्रोफेसरों के नेतृत्व में चल रहा अभियान
इस शैक्षणिक पहल का समन्वयन स्कूल ऑफ होम साइंस की संकायाध्यक्ष प्रो. यू.वी. किरण और मानव विकास एवं परिवार अध्ययन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. शालिनी अग्रवाल द्वारा किया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने उम्मीद जताई है कि यह अभियान मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
