Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

हरदोई साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन, टेलीग्राम पर अश्लील कंटेंट का नेटवर्क ध्वस्त; ₹350 सब्सक्रिप्शन और करोड़ों के लेनदेन का खुलासा

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में साइबर पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए टेलीग्राम चैनलों के जरिए अश्लील वीडियो और फोटो बेचने के मामले में प्रयागराज निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह नाबालिगों तक अश्लील सामग्री पहुंचाने और बड़े पैमाने पर डिजिटल लेनदेन के जरिए अवैध कमाई कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब शहर कोतवाली क्षेत्र के एक नाबालिग छात्र का अश्लील वीडियो टेलीग्राम ग्रुप में अपलोड किए जाने की शिकायत पुलिस को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

8000 से अधिक अश्लील वीडियो अपलोड करने का आरोप

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने टेलीग्राम चैनलों पर लगभग 8000 अश्लील वीडियो और फोटो अपलोड कर रखे थे। इन चैनलों तक पहुंच के लिए 350 रुपये का सब्सक्रिप्शन लिया जाता था। इसके जरिए ग्राहकों को अवैध रूप से आपत्तिजनक कंटेंट उपलब्ध कराया जा रहा था।

बैंक खाते में ढाई करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा

साइबर जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सब्सक्रिप्शन से प्राप्त रकम एक बैंक खाते में जमा होती थी, जो एचडीएफसी बैंक में दर्ज पाया गया। यह खाता प्रयागराज के धूमनगंज निवासी विकास सिंह के नाम पर था। जांच में इस खाते से लगभग ढाई करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है, जिससे अवैध कारोबार के बड़े नेटवर्क की पुष्टि हुई है।

नाबालिगों तक पहुंचाई जा रही थी सामग्री

पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क खास तौर पर नाबालिगों को भी निशाना बना रहा था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। इस आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी गिरफ्तार, अन्य कड़ियों की जांच जारी

साइबर पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और टेलीग्राम चैनलों की गहराई से जांच कर रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------