Featured NewsTop Newsराज्य

घुसपैठ रोकने के लिए बड़ा कदम: बंगाल सरकार ने BSF को सौंपी 27 किमी जमीन, 18 किमी सीमा पर लगेगी कंटीली बाड़

मुर्शिदाबाद: भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने सीमा पर फेंसिंग और सुरक्षा ढांचे के विस्तार के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) को 27 किलोमीटर जमीन सौंप दी है। गुरुवार को राज्य सचिवालय नबान्ना में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की गई। इस दौरान बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने पर फोकस

राज्य सरकार का यह कदम ऐसे समय में आया है जब मुर्शिदाबाद और मालदा जिले सुरक्षा और राजनीतिक दोनों दृष्टि से बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं। दोनों जिले सीधे बांग्लादेश सीमा से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से घुसपैठ के मुद्दे को लेकर चर्चा में रहे हैं। सरकार ने इन्हीं इलाकों में सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से फेंसिंग और आधारभूत ढांचे के विस्तार का फैसला लिया है।

घुसपैठ का मुद्दा लंबे समय से गरम

मुर्शिदाबाद और मालदा जिलों में बड़ी मुस्लिम आबादी निवास करती है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार मुर्शिदाबाद में मुस्लिम आबादी करीब 66 प्रतिशत जबकि मालदा में लगभग 51 प्रतिशत दर्ज की गई थी। भाजपा लगातार इन इलाकों में बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठाती रही है। पार्टी का आरोप रहा है कि अवैध घुसपैठियों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए स्थानीय पहचान दिलाने का काम किया जाता रहा है।

2200 किलोमीटर सीमा में अब भी कई हिस्से बिना बाड़

पश्चिम बंगाल की सीमा करीब 2200 किलोमीटर तक बांग्लादेश से लगी हुई है। वहीं भारत-बांग्लादेश की कुल अंतरराष्ट्रीय सीमा लगभग 4000 किलोमीटर लंबी है। इनमें से करीब 1600 किलोमीटर क्षेत्र में पहले ही फेंसिंग की जा चुकी है, लेकिन अब भी लगभग 600 किलोमीटर हिस्सा बिना कंटीली बाड़ के मौजूद है, जिसे सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील मानती हैं।

18 किलोमीटर क्षेत्र में लगेगी कंटीली फेंसिंग

सरकार द्वारा सौंपी गई कुल 27 किलोमीटर जमीन में से 18 किलोमीटर हिस्से में कंटीले तारों की बाड़ लगाई जाएगी। वहीं बाकी नौ किलोमीटर क्षेत्र का उपयोग बीएसएफ चौकियों, निगरानी ढांचे और अन्य जरूरी निर्माण कार्यों के लिए किया जाएगा। माना जा रहा है कि इससे सीमा पर निगरानी क्षमता और घुसपैठ रोकने की कार्रवाई को मजबूती मिलेगी।

BSF ने राज्य सरकार के सहयोग को सराहा

बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीन कुमार ने इस फैसले का स्वागत करते हुए राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा अभियानों को प्रभावी बनाने के लिए जिस स्तर के सहयोग की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वह अब नई सरकार के तहत मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे सीमा प्रबंधन और सुरक्षा अभियानों को और मजबूती मिलेगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------