उत्तर प्रदेश

खरीफ 2026 में रिकॉर्ड उत्पादन का लक्ष्य, किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का बड़ा फोकस

अयोध्या: खरीफ सीजन 2026 को लेकर प्रदेश सरकार ने कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में इजाफा करने की दिशा में तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में अयोध्या और देवीपाटन मंडल की मंडल स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2026 आयोजित की गई। कार्यक्रम में आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक खेती, सिंचाई प्रबंधन और समय से बीज एवं खाद उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही खरीफ 2026 में रिकॉर्ड उत्पादन हासिल करने का लक्ष्य तय किया गया।

वैज्ञानिक खेती अपनाने का किसानों से आह्वान

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कृषि को अधिक लाभकारी और किसानों की आय को दोगुना करने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से उन्नत बीजों का उपयोग करने, वैज्ञानिक खेती अपनाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने की अपील की।

जैविक खेती और हरी खाद पर दिया गया जोर

कार्यक्रम के दौरान प्रमुख सचिव कृषि ने कहा कि भूमि की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता कम करना जरूरी है। उन्होंने हरी खाद और जैविक खाद को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों आधारित खेती से मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर बनी रहती है और उत्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। उन्होंने किसानों को गोबर खाद, वर्मी कम्पोस्ट और अन्य जैविक विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।

फार्मर रजिस्ट्री अब होगी अनिवार्य

प्रमुख सचिव कृषि ने स्पष्ट किया कि भविष्य में सरकार की किसी भी कृषि योजना, अनुदान या सुविधा का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य होगी। उन्होंने किसानों से समय रहते रजिस्ट्री पूरी कराने की अपील की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि कोई पात्र किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।

18 लाख किसानों को योजनाओं का लाभ मिलने का दावा

देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का सकारात्मक असर देवीपाटन मंडल के करीब 18 लाख किसानों के जीवन में दिखाई दे रहा है। आयुक्त ने कहा कि कृषि मंत्री के मार्गदर्शन में किसानों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।

आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी खेती की उत्पादकता

दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि कृषि उत्पादन आयुक्त और प्रमुख सचिव कृषि के दिशा-निर्देशों तथा नियमित मॉनिटरिंग से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए मंडल स्तर पर सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए अग्रिम तैयारियां भी की जा रही हैं ताकि किसानों की फसल और आजीविका सुरक्षित रह सके। साथ ही कृषि, सिंचाई, विद्युत और राजस्व विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

ड्रोन तकनीक और मृदा परीक्षण पर भी फोकस

आयुक्त ने कहा कि ड्रोन तकनीक, मृदा परीक्षण और वैज्ञानिक खेती जैसी आधुनिक कृषि पद्धतियों को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पात्र किसान तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ब्लॉक और तहसील स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है।

कार्यक्रम में अयोध्या मंडल के आयुक्त राजेश कुमार, कुलपति डॉ. पी.एस. प्रामाणिक, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के निदेशक टी.एम. त्रिपाठी और अपर निदेशक कृषि रक्षा आशुतोष मिश्र सहित बड़ी संख्या में किसान और अधिकारी मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------