केसर चीनी मिल की कुर्क भूमि की ऐतिहासिक नीलामी प्रक्रिया पूर्ण, ₹28.05 करोड़ की सर्वोच्च बोली प्राप्त

बरेली,01जून।तहसील बहेड़ी सभागार में शनिवार को केसर चीनी मिल की कुर्क की गई भूमि की नीलामी प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। यह नीलामी क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक प्रशासनिक कार्यवाही रही, जिसकी लंबे समय से किसानों को प्रतीक्षा थी।

नीलामी प्रक्रिया के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी बहेड़ी, जिला गन्ना अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे साथ ही किसान यूनियन के प्रतिनिधियों एवं आमजन की उपस्थिति में संपूर्ण कार्यवाही संपादित की गई, प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं जनविश्वास को सुनिश्चित किया गया ।
नामित नीलामी अधिकारी एवं तहसीलदार बहेड़ी द्वारा खुले मंच पर बोली की कार्यवाही संपन्न कराई गई। नीलामी के दौरान प्राप्त सर्वोच्च बोली ₹28.05 करोड़ रही, जिसे नियमानुसार अभिलेखित किया गया।

संपूर्ण नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने हेतु सभागार में सीसीटीवी निगरानी, स्वतंत्र वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। प्रत्येक चरण का विधिवत रिकॉर्ड संधारित किया गया तथा सभी इच्छुक पक्षों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सहभागिता का अवसर प्रदान किया गया।
नीलामी से प्राप्त धनराशि का उपयोग केसर चीनी मिल पर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के निस्तारण हेतु किया जाएगा, जिससे बहेड़ी क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों को लंबे समय से लंबित देयों का भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा। यह कार्यवाही किसानों के हितों की रक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
