उत्तर प्रदेशराज्य

लखनऊ अग्निकांड पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन! 7 दिन में रिपोर्ट देगी एसआईटी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ा फैसला किया है। देर रात आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा।

घटना के बाद मुख्यमंत्री ने मौके का निरीक्षण किया, अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और मृतकों के परिजनों से मुलाकात भी की। इसके बाद बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने हादसे को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए।

दो वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

गठित विशेष जांच दल में धर्मार्थ कार्य, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात को शामिल किया गया है। वहीं, अपर पुलिस महानिदेशक (लखनऊ जोन) प्रवीण कुमार एसआईटी के दूसरे सदस्य होंगे।

सरकार की ओर से दोनों अधिकारियों को घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

7 दिन के भीतर सौंपनी होगी रिपोर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जांच दल को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे। जांच में हादसे के कारणों, सुरक्षा मानकों की स्थिति, संभावित लापरवाही और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी

उच्च स्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------