एम जे पी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव के अंतर्गत कहानी कथन प्रतियोगिता का आयोजन: विद्यार्थियों ने सुनायी और लिखी रोचक कहानियां

बरेली,11जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय,बरेली के 24वें दीक्षांत समारोह के पूर्व आयोजित दीक्षोत्सव के तहत महामहिम कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी तथा माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह जी के मार्गदर्शन में विश्व विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा गोद लिए गए ग्रामों में 1 से 15 जुलाई 2026 तक विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।इसी क्रम में कहानी कथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय कक्षा 3 से 8 तक “मेरा प्रिय मित्र” तथा कक्षा 9 से 12 समूह वर्ग के लिए विज्ञान के आधुनिक चमत्कार रहा। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपने प्रिय मित्र पर आधारित प्रेरणादायी एवं भावनात्मक कहानियों का न केवल प्रभावशाली कथन किया, बल्कि उन्हें अपने शब्दों में लिखकर भी प्रस्तुत किया। उच्च समूह वर्गों के छात्रों ने विज्ञान के क्षेत्र में हुए नयी हुए परिवर्तनों और चमत्कारों के बारे में कहानी कही। इस गतिविधि विषयक कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने अपने संदेश में कहा कि कहानियाँ बालमन के विचारों, संवेदनाओं एवं कल्पनाशीलता को प्रकट करने का सशक्त माध्यम हैं। जब कोई विद्यार्थी स्वयं कहानी का निर्माण करता है, तो वह अपने विचारों को क्रमबद्ध रूप से अभिव्यक्त करना सीखता है। इससे न केवल उसकी भाषा दक्षता विकसित होती है, बल्कि रचनात्मक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल तथा संवेदनशील व्यक्तित्व का भी विकास होता है। विज्ञान के क्षेत्र में हुई नयी खोजें और अनुसंधानों की जानकारी भी सरल तरीके से कहानियों के माध्यम से विद्यार्थियों को देना एक अच्छी और रुचिकर विधि है।
सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पांडे ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं रचनात्मकता के साथ सहभागिता की।
इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में अपने मित्रों एवं सहपाठियों के प्रति प्रेम, सम्मान, सहयोग एवं आत्मीयता की भावना का विकास करना तथा उन्हें अपने विचारों एवं भावनाओं को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित करना था। वहीं उनको वर्तमान में हुए नए वैज्ञानिक परिवर्तनों की जानकारी स्वअध्ययन तथा सरल रूप में कहानी कह कर प्रदान करना भी इसका गतिविधि का लक्ष्य रहा। विद्यालयों द्वारा पूर्व में आयोजित चित्रकला और भाषण को प्रतियोगिताओं को भी आज पूरा करवा लिया गया है। गतिविधि के सफल आयोजन में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, सांस्कृतिक समिति , विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। प्रतियोगिता में डोहरिया,डोहरा, ईटोवा बेनीराम, मुडिया अहमद नगर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों पल्लवी, ऋतिक, राहुल, दुर्गा, अभिनव,पूजा, अनुष्का, वर्षा,विद्या, ऋषभ,वैष्णवी, ज्योति,ईशा,रितिका,सोनाक्षी,अनन्या,
शिवानी,भावना,
आर्यन, नैंसी,सूरज, प्रतिज्ञा, शिवम, परी, नेहा,अनामिका और सानिया आदि ने भाग लिया।


बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
