मण्डलायुक्त ने मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की वर्ष-2026 की करी द्वितीय बैठक

बरेली, 11जुलाई। मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस0 चौधरी की अध्यक्षता में विगत दिवस मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की वर्ष-2026 की द्वितीय बैठक कमिश्नरी स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में मंडल के चारों जनपदों में सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति एवं दुर्घटना न्यूनीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सम्भगीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद बरेली में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में 7.17 प्रतिशत तथा जनपद बदायूँ में 10.55 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जबकि जनपद पीलीभीत में 3.50 प्रतिशत तथा जनपद शाहजहाँपुर में 25.51 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उक्त आंकड़ों पर मण्डलायुक्त द्वारा विशेष चिंता व्यक्त करते हुए एनएचएआई/लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिन स्थानों पर बार-बार सड़क दुर्घटनाएँ घटित हो रही हैं, वहाँ संबंधित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक ज्यामितीय सुधार (Geometry Correction), दृश्यता सुधार, संकेतक, रम्बल स्ट्रिप एवं अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएँ। साथ ही मंडल के समस्त ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की अद्यतन सूची तैयार कर प्रत्येक स्थल पर प्रस्तावित एवं कराए गए सुधारात्मक कार्यों का विस्तृत विवरण तैयार कर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी नियमित समीक्षा कर आवश्यकतानुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि जनपद पीलीभीत एवं शाहजहाँपुर में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिसके दृष्टिगत दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट एवं क्रिटिकल कॉरिडोर) पर निर्धारित गति सीमा के संकेतक बोर्ड, चेतावनी बोर्ड, रम्बल स्ट्रिप तथा अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएँ। साथ ही यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने एवं अन्य गंभीर यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जाए। बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन पंजीयन प्रमाण-पत्र के निलंबन/निरस्तीकरण की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एनएचएआई बरेली द्वारा अवगत कराया गया कि शामली-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग प्रस्तावित होने के कारण वर्तमान में सीतारगंज मार्ग पर स्थायी सड़क सुधार संबंधी कार्य कराया जाना संभव नहीं है, जिस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि जब तक उक्त राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं हो जाता, तब तक सीतारगंज मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक स्थानों पर गति सीमा सहित अन्य सड़क सुरक्षा संकेतक बोर्ड स्थापित किए जाएँ तथा ओवरस्पीड वाहनों के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जनपद शाहजहाँपुर में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए मण्डलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरेली मोड से जलालाबाद तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सभी अवैध कटों का तत्काल सर्वेक्षण कर नियमानुसार उन्हें बंद कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे अनियंत्रित क्रॉसिंग के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

बैठक में आवारा पशुओं के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी गंभीर चर्चा की गई। इस संबंध में एनएचएआई बरेली द्वारा अवगत कराया गया कि बरेली से सीतापुर तक लगभग 160 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं एवं आवारा पशुओं के प्रभावी प्रबंधन हेतु 04 इंसिडेंट मैनेजर टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम के साथ 02-02 एनिमल कैचर तैनात किए गए हैं, जो राष्ट्रीय राजमार्ग पर विचरण कर रहे आवारा पशुओं को हटाने एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निरंतर कार्य करेंगे। जिस पर मण्डलायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि उक्त व्यवस्था एवं एनिमल कैचर टीमों का विस्तृत विवरण तत्काल संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) बरेली एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शाहजहाँपुर को उपलब्ध कराया जाए, ताकि आवश्यकतानुसार आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। मण्डलायुक्त ने एनएचएआई/लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर आवारा पशुओं की रोकथाम हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा इस संबंध में उप निदेशक, पंचायतीराज के साथ समन्वय स्थापित कर ग्राम सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाए।
आगामी माह आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत मण्डलायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय से पूर्ण कर ली जाएँ। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों के आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा यातायात प्रबंधन, मार्गों की मरम्मत, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्व से सुनिश्चित की जाएँ।
बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी बरेली द्वारा अवगत कराया गया कि शासन एवं मुख्यालय के निर्देशानुसार दिनांक 01 जुलाई से 15 जुलाई, 2026 तक विद्यालय वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में संचालित वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर एवं अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की सघन जांच की जा रही है। मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान पाए जाने वाले नियम विरुद्ध विद्यालय वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक के अंत में मण्डलायुक्त ने सभी विभागों को 5E मॉडल ( Engineering, Enforcement, Education, Emergency Care एवं Evaluation/Data) के अनुरूप समन्वित रूप से कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाने हेतु निरंतर एवं परिणामपरक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग का नहीं बल्कि सभी संबंधित विभागों एवं आमजन की साझा जिम्मेदारी है तथा समन्वित प्रयासों से ही सड़क दुर्घटनाओं में अपेक्षित कमी लाई जा सकती है।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) मो0 अकमल खान, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. तेजपाल, सम्भागीय परिवहन अधिकारी पंकज सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा राघवेन्द्र कुमार, अधीक्षण अभियंता पंकज श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग बरेली प्रकाश चौधरी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बदायूँ नरेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बरेली भगत सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग पीलीभीत राजेश चौधरी, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) वैभव सोती, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) बदायूँ हरिओम, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शाहजहांपुर हरिओम सहित मण्डल स्तरीय अधिकारीगण विभिन्न विभागों के हरिओम उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
