Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बीबीएयू के 12 शिक्षक विश्व के टॉप 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल, लखनऊ विश्वविद्यालय को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के 12 शिक्षकों ने विश्व के टॉप 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाकर विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में उच्च गुणवत्ता वाले शोध और अनुसंधान कार्यों की निरंतर प्रगति को दर्शाती है। यह सूची अमेरिका के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रख्यात वैज्ञानिक प्रो. जॉन पी. ए. आयोनिडिस के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम तैयार करती है और इसे एल्सेवियर बी.वी. द्वारा प्रकाशित किया जाता है।

शोध प्रकाशन, साइटेशन समेत इन मानकों पर होता है मूल्यांकन

विश्व के टॉप 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों में शोध कर रहे वैज्ञानिकों का मूल्यांकन उनके शोध प्रकाशनों, शोध की गुणवत्ता, साइटेशन और अन्य वैज्ञानिक संकेतकों के आधार पर किया जाता है।

बीबीएयू के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने इस उपलब्धि पर सभी चयनित शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के 12 शिक्षकों का वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की सूची में शामिल होना बीबीएयू के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में हो रहे गुणवत्तापूर्ण शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता का प्रमाण है और अन्य शिक्षकों व शोधार्थियों को भी उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए प्रेरित करेगी।

बीबीएयू के इन 12 शिक्षकों ने बनाई सूची में जगह

विश्व के टॉप 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में पर्यावरण विज्ञान विभाग के प्रो. नवीन कुमार अरोरा ने 17,679वीं रैंक हासिल की। एन्वायरमेंटल माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रो. राम चंद्रा ने 24,876वीं रैंक, प्रो. राम नरेश भार्गव ने 39,424वीं रैंक और डॉ. जयशंकर सिंह ने 52,213वीं रैंक प्राप्त की।

भौतिक विज्ञान विभाग के डॉ. राजेश कुमार सिंह ने 53,275वीं रैंक हासिल की। कम्प्यूटर साइंस विभाग के डॉ. आदित्य खम्पारिया 79,246वीं रैंक पर रहे। गणित विभाग के प्रो. बीर सिंह भदौरिया ने 1,02,213वीं रैंक और भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो. बाल चंद्र यादव ने 1,04,035वीं रैंक हासिल की।

सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के डॉ. अभिषेक वर्मा ने 2,41,090वीं रैंक, फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के प्रो. पी.एस. रजनीकांत ने 2,69,674वीं रैंक, गणित विभाग के डॉ. मुकेश कुमार अवस्थी ने 3,43,459वीं रैंक और भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो. देवेश कुमार ने 4,46,561वीं रैंक प्राप्त की।

-------------------------------------------------------------------------------------------

22 प्रमुख क्षेत्रों और 174 उप-क्षेत्रों के आधार पर तैयार होती है सूची

विश्व के टॉप 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची तैयार करने के लिए वैज्ञानिकों के शोध और अकादमिक योगदान का मूल्यांकन साइंस-मेट्रिक्स वर्गीकरण प्रणाली के आधार पर किया जाता है। इसके तहत वैज्ञानिक क्षेत्रों को 22 प्रमुख क्षेत्रों और 174 उप-क्षेत्रों में वर्गीकृत किया गया है।

वैज्ञानिकों के पूरे करियर से जुड़े शोध आंकड़ों को अपडेट करने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वैज्ञानिकों की सूची तैयार की जाती है। चयन के लिए वैज्ञानिकों के समग्र संकेतक यानी सी-स्कोर, स्व-साइटेशन सहित और स्व-साइटेशन रहित आंकड़ों तथा संबंधित उप-क्षेत्र में 2 प्रतिशत या उससे अधिक की प्रतिशत रैंक जैसे मानकों को आधार बनाया जाता है।

शोध और नवाचार के लिए अनुकूल माहौल को मिली पहचान

बीबीएयू के शिक्षकों की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में शोध और नवाचार के लिए अनुकूल अकादमिक वातावरण और वैश्विक स्तर पर शोध की बढ़ती स्वीकार्यता को प्रदर्शित करती है।

इस उपलब्धि पर कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने चयनित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------