मनोरंजन

गुस्सैल मिजाज के लिए मशहूर थे नाना पाटेकर, शूटिंग के दौरान एक्ट्रेस को जड़ दिया था थप्पड़; फिर मिला ऐसा जवाब

मुंबई: नाना पाटेकर अपनी दमदार और भावनात्मक अदाकारी के साथ-साथ अपने गुस्सैल मिजाज को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहे। उनकी फिल्मों से जुड़े कई किस्से आज भी याद किए जाते हैं। ऐसा ही एक मामला वर्ष 1997 में आई फिल्म ‘यशवंत’ की शूटिंग के दौरान हुआ था, जब एक सीन के दौरान नाना पाटेकर ने अपनी सह-कलाकार मधु को सच में थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद मधु ने भी जो किया, उसने पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया।

फिल्म में पति-पत्नी के किरदार में थे नाना और मधु

फिल्म ‘यशवंत’ में नाना पाटेकर और अभिनेत्री मधु ने पति-पत्नी की भूमिका निभाई थी। फिल्म का निर्देशन अनिल मट्टू ने किया था। हाल ही में एक इंटरव्यू में मधु ने इस पुराने किस्से को याद करते हुए बताया कि उस सीन में उन्हें रोना था। वह आंसू लाने के लिए ग्लिसरीन का इस्तेमाल करना चाहती थीं, लेकिन नाना पाटेकर ने उन्हें ऐसा करने से मना कर दिया।

नाना ने कहा- सीन को महसूस करो, आंसू खुद आएंगे

मधु के मुताबिक, नाना पाटेकर के साथ काम करने के दौरान उनकी अभिनय शैली में भी बदलाव आया। उन्होंने बताया कि नाना उन्हें सीन को वास्तविक रूप से महसूस करने के लिए कहते थे। उस दौरान भी उन्होंने ग्लिसरीन लगाने से मना किया और कहा कि भावनाओं को महसूस करने पर आंसू अपने आप आने चाहिए।

लेकिन जब मधु ऐसा नहीं कर पाईं तो नाना पाटेकर ने उन्हें अचानक सच में थप्पड़ मार दिया। मधु के मुताबिक, थप्पड़ इतना तेज था कि उनकी आंखों से अपने आप आंसू निकल आए।

थप्पड़ के बाद मधु ने भी कर दिया पलटवार

मधु ने बताया कि इस घटना के बाद वह नाना पाटेकर से काफी नाराज हो गई थीं। उनका कहना था कि रिहर्सल के दौरान ऐसा कुछ नहीं हुआ था और अचानक थप्पड़ मारने की उन्हें उम्मीद नहीं थी।

मधु ने बताया कि वह खुद भी गुस्सैल स्वभाव की हैं, इसलिए उन्होंने बिना देर किए नाना पाटेकर को वापस थप्पड़ मार दिया। इस तरह सीन के दौरान शुरू हुआ थप्पड़ का मामला दोनों कलाकारों के बीच पलटवार तक पहुंच गया।

मधु ने कहा- नाना मेरे साथ रूड नहीं थे

हालांकि, मधु ने यह भी साफ किया कि नाना पाटेकर उनके साथ सामान्य तौर पर रूखा व्यवहार नहीं करते थे। उनके मुताबिक, नाना तब ही नाराजगी जाहिर करते थे, जब उन्हें लगता था कि वह अपने अभिनय को और बेहतर कर सकती हैं। मधु के इस पुराने किस्से ने नाना पाटेकर की अभिनय शैली और सेट पर उनके काम करने के तरीके की एक अलग तस्वीर सामने रखी है।

 

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be