Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रायबरेली में विशेष किशोर पुलिस इकाई की समीक्षा बैठक, बाल संरक्षण और मानव तस्करी रोकने के लिए अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश

रायबरेली: विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं मानव तस्करी रोधी पुलिस की मासिक समीक्षा बैठक में बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर स्थित किरण हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने की। इस दौरान ऑपरेशन रक्षा, बाल श्रम उन्मूलन, बाल भिक्षावृत्ति, नशा मुक्ति और बाल विवाह रोकथाम जैसे अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बाल कल्याण अधिकारियों को समयबद्ध अभियान चलाने के निर्देश

बैठक में सभी थाना क्षेत्रों के बाल कल्याण अधिकारियों और महिला आरक्षियों को समयबद्ध तरीके से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही समन्वय स्थापित करते हुए अभियान से संबंधित फोटो और वीडियो नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया।

डेटा बैंक तैयार करने पर दिया गया जोर

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नशा मुक्ति, बाल श्रम और बाल भिक्षावृत्ति से जुड़े गरीब, अशिक्षित बच्चों, महिलाओं और दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान कर उनके संरक्षण एवं पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही ऐसे लोगों का डेटा बैंक तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

बाल अधिकारों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

बैठक में गुरुकुल, आश्रम, मंदिर, स्कूल और मदरसों में किशोर और किशोरियों के साथ यौन, शारीरिक एवं भावनात्मक दुर्व्यवहार अथवा बाल अधिकारों के किसी भी प्रकार के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। संबंधित मामलों में आपराधिक मुकदमा दर्ज करने और प्रभावित बच्चों की सुरक्षा एवं पुनर्वास के लिए आवश्यक कदम उठाने की जिम्मेदारी थाना स्तर पर नियुक्त बाल कल्याण अधिकारियों को सौंपी गई।

जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई पर विशेष जोर

अपर पुलिस अधीक्षक ने किशोर न्याय अधिनियम (जे.जे. एक्ट) की धारा 77 और 78 के तहत नाबालिगों को नशीले पदार्थों का सेवन कराने वाले दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नाबालिग बालक-बालिकाओं को नियमानुसार सभी विधिक प्रपत्रों के साथ समय पर बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य मीनू श्रीवास्तव, बाल कल्याण समिति के सदस्य एवं प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रदत्त शक्ति मिलिंद द्विवेदी, सहायक अभियोजन अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शिव शंकर पाल, विधि परामर्श अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी, बाल संरक्षण अधिकारी बीरेन्द्र पाल, वन स्टॉप सेंटर से आस्था ज्योति, मानव तस्करी रोधी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रताप सिंह, महिला आरक्षी संगीता मिश्रा, टीटू गौतम, औषधि निरीक्षक अरविन्द कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. सदानंद, महिला चिकित्सक डॉ. प्रियंका, सपोर्ट पर्सन सहित सभी बाल कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------