BBAU के छात्रों का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन, मूट कोर्ट प्रतियोगिता में First Runner-Up और Best Memorial का खिताब जीता
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज़ के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित मूट कोर्ट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रथम जस्टिस डी.पी. गुप्ता राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में बीबीएयू की टीम ने प्रथम उपविजेता बनने के साथ-साथ प्रतिष्ठित ‘बेस्ट मेमोरियल’ पुरस्कार भी अपने नाम किया।
देशभर की टीमों के बीच दमदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विधि महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। बीबीएयू की टीम ने प्रभावशाली मौखिक तर्क, गहन विधिक शोध और सशक्त न्यायिक विश्लेषण के दम पर सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और फाइनल तक अपनी जगह बनाई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि पर किया कब्जा
विश्वविद्यालय की ओर से स्पीकर-1 अविरल द्विवेदी, स्पीकर-2 संकल्प भट्ट और रिसर्चर अनुष्का शर्मा ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। टीम ने प्रथम उपविजेता का स्थान हासिल करते हुए 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि जीती। इसके अलावा उत्कृष्ट लिखित तर्क, विधिक शोध और मेमोरियल लेखन के लिए टीम को ‘बेस्ट मेमोरियल’ सम्मान भी मिला, जिसके साथ 5,100 रुपये की अतिरिक्त पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के समक्ष हुआ फाइनल मुकाबला
प्रतियोगिता का फाइनल माननीय न्यायमूर्ति शमीम अहमद, न्यायाधीश, मद्रास उच्च न्यायालय तथा माननीय न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय की पीठ के समक्ष आयोजित किया गया, जहां बीबीएयू की टीम ने अपनी विधिक दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीशों ने किया सम्मानित
समापन समारोह में विजेता टीमों को भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एवं 23वें विधि आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी तथा मद्रास उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एवं सेफेमा अधिनियम के अपीलीय अधिकरण के अध्यक्ष न्यायमूर्ति एम. एन. भंडारी ने सम्मानित किया।
विधि विभाग में खुशी की लहर
इस उपलब्धि के बाद बीबीएयू के विधि विभाग में उत्साह का माहौल है। विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा सहित विभाग के शिक्षकों ने टीम को शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

