रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में एम.एड. प्रवेश की काउंसिलिंग 24 जुलाई को, मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को बुलावा

बरेली,21जुलाई।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के शिक्षा एवं संबद्ध विज्ञान संकाय अंतर्गत संचालित बी.एड./एम.एड. विभाग (आई.ए.एस.ई.) में शैक्षिक सत्र 2026-28 के एम.एड. पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु प्रथम चरण की काउंसिलिंग 24 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। मेरिट के आधार पर अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर विभाग में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।

बी.एड./एम.एड. विभाग की विभागाध्यक्ष एवं शिक्षा एवं संबद्ध विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) संतोष अरोड़ा ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को प्रातः 10:00 बजे विभाग में अपने समस्त मूल प्रमाण-पत्रों एवं उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ उपस्थित होना होगा। दस्तावेजों का सत्यापन पूर्ण होने के उपरांत ही अंतिम प्रवेश सूची जारी की जाएगी।
काउंसिलिंग के समय अभ्यर्थियों को दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ, हाईस्कूल प्रमाण-पत्र, समस्त शैक्षिक अंकपत्र एवं प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण-पत्र, आरक्षण एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो) सहित अन्य आवश्यक अभिलेख साथ लाना अनिवार्य होगा।

प्रो. अरोड़ा ने बताया कि एम.एड. पाठ्यक्रम में प्रवेश बी.एड./बी.एल.एड. परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जा रहा है। विभाग में उपलब्ध 50 नियमित एवं 5 ईडब्ल्यूएस सीटों पर विश्वविद्यालय एवं शासन के आरक्षण नियमों के अनुसार प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।काउंसलिंग की सूचना अभ्यर्थियों को ईमेल द्वारा प्रेषित की गई है। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
