Thursday, July 23, 2026
Latest:
Top Newsदेश

राम मंदिर ट्रस्ट का बड़ा फैसला: SBI की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी, चढ़ावा व्यवस्था से लेकर नई नियुक्तियों तक कई अहम निर्णय

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की न्यासी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक में राम मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी तथा व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कई बड़े फैसले लिए गए। बैठक में श्रावण मास के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या, चढ़ावा प्रबंधन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति, ट्रस्ट में रिक्त पदों की भर्ती और धार्मिक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि चढ़ावा राशि की गणना में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की अंतिम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। इसी कारण इस विषय पर कोई निर्णय या चर्चा नहीं की गई। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

SBI की कार्यप्रणाली पर ट्रस्ट ने जताया असंतोष

बैठक में मंदिर के चढ़ावे की गणना से जुड़े स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ हुए एमओयू और मौजूदा प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई। न्यासी मंडल ने बैंक की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए ट्रस्ट की वित्त समिति को निर्देश दिया कि वह बैंक के साथ सभी प्रक्रियाओं और मानकों की दोबारा समीक्षा कर आवश्यक निर्णय ले।

हालांकि ट्रस्ट ने यह भी बताया कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था संतोषजनक है और चढ़ावा गणना कक्ष सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों की लाइव पहुंच सुरक्षा अधिकारियों के पास उपलब्ध है। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक की सहायक संस्था की टकसाल (मिंट) के माध्यम से स्वर्ण और रजत चढ़ावे की शुद्धता एवं मात्रा की जांच की वर्तमान व्यवस्था जारी रखने का फैसला भी लिया गया।

CEO चयन प्रक्रिया को मिला एक माह का अतिरिक्त समय

मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन के लिए गठित समिति को बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होने के कारण चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक महीने का अतिरिक्त समय दिया गया है। इस बीच मंदिर के प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए अंतरिम व्यवस्था के तहत एक सचिव की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई है।

ट्रस्ट ने कहा कि हाल के विवादों और आरोपों के बावजूद रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आई है, जो श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक है।

ट्रस्ट को जल्द मिलेगा नया प्रवक्ता

बैठक में मीडिया के साथ नियमित और प्रभावी संवाद बनाए रखने के लिए ट्रस्ट का आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त करने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा ट्रस्ट में रिक्त न्यासी पदों को भरने की प्रक्रिया जारी रहने की जानकारी दी गई। ट्रस्ट के अनुसार, यह प्रक्रिया अगले कुछ सप्ताह में पूरी होने की संभावना है।

धार्मिक समिति का हुआ पुनर्गठन

राम मंदिर की पूजा-पद्धति, धार्मिक परंपराओं और शुचिता को बनाए रखने के लिए धार्मिक समिति का पुनर्गठन किया गया है। समिति की अध्यक्षता ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि करेंगे।

नई समिति में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ, स्वामी युगपुरुष परमानंद, महंत दिनेंद्र दास, महंत कमल नयन दास, महंत राजकुमार दास, स्वामी रामानंद दास तथा आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण सहित प्रमुख संतों को शामिल किया गया है। यह समिति मंदिर की पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक परंपराओं के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।

श्रावण मास की तैयारियों पर विशेष जोर

बैठक में आगामी श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए दर्शन-पूजन, सुरक्षा, चढ़ावा प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी। ट्रस्ट का कहना है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------