Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

BBAU ने जारी किया UG एडमिशन काउंसलिंग शेड्यूल, 30 जुलाई तक करें रजिस्ट्रेशन; 10 सितंबर से शुरू होंगी कक्षाएं

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 30 जुलाई 2026 तक पंजीकरण कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित चरणों में पूरी की जाएगी और प्रथम वर्ष की कक्षाएं 10 सितंबर 2026 से शुरू होंगी।

12 अगस्त तक जारी होगी पहली मेरिट सूची

विश्वविद्यालय के कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण की मेरिट सूची 12 अगस्त 2026 तक जारी की जाएगी। इसके बाद 13 अगस्त को दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए चालान जारी किए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 17 अगस्त तक शुल्क जमा कर अस्थायी प्रवेश की पुष्टि करनी होगी। प्रथम चरण के बाद रिक्त सीटों की सूची 18 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी।

19 अगस्त से शुरू होगा दूसरा चरण

द्वितीय चरण की मेरिट सूची 19 अगस्त 2026 तक जारी होगी। 20 अगस्त को दस्तावेज सत्यापन और चालान निर्माण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को 24 अगस्त तक प्रवेश शुल्क जमा कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करना होगा। इसके बाद 25 अगस्त को रिक्त सीटों की अद्यतन जानकारी जारी की जाएगी।

रिक्त सीटों पर दो चरणों में होगी स्पॉट काउंसलिंग

विश्वविद्यालय ने बताया कि रिक्त सीटों पर प्रथम स्पॉट काउंसलिंग केवल सीयूईटी अभ्यर्थियों के लिए 27 और 28 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 29 अगस्त निर्धारित की गई है। इसी दिन रिक्त सीटों की नई स्थिति भी जारी की जाएगी।

इसके बाद सीयूईटी और गैर-सीयूईटी दोनों श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए रिक्त सीटों पर पंजीकरण 1 से 7 सितंबर 2026 तक होगा। द्वितीय स्पॉट काउंसलिंग 8 सितंबर को आयोजित की जाएगी, जबकि प्रवेश शुल्क जमा करने और मूल दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 को पूरी की जाएगी।

10 सितंबर से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं 10 सितंबर 2026 से शुरू होंगी। सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें और विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले सभी अपडेट नियमित रूप से देखते रहें।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------