उत्तर प्रदेशराज्य

प्रयागराज में बड़ा हादसा टला! साड़ी शोरूम में भीषण आग, ऊपर बैंक की शाखा होने से मचा हड़कंप

प्रयागराज: शहर के सिविल लाइंस इलाके में सुभाष चौराहे के पास स्थित एक साड़ी शोरूम में रविवार रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे सुभाष चौराहे के निकट स्थित श्री पहनावा कलेक्शन साड़ी सेंटर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

ऊपरी मंजिल पर बैंक होने से बढ़ी चिंता

घटना स्थल पर पहुंची सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक लिया। अधिकारियों के मुताबिक, आग भवन की ऊपरी मंजिल तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। शोरूम के ऊपर पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा संचालित होती है और आग वहां तक पहुंचती तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।

रविवार होने से टली जनहानि

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले शोरूम के भीतर से धुआं उठता दिखाई दिया और फिर आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। चूंकि रविवार होने के कारण शोरूम बंद था और अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नुकसान का आकलन जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग से शोरूम में रखा साड़ियों का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------