आजम खान को विदा करने एयरपोर्ट पहुंचे अखिलेश यादव, सपा में बढ़ी अहमियत के क्या हैं सियासी मायने?
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी में आजम खान की बढ़ती सक्रियता और उन्हें मिल रही प्राथमिकता चर्चा का विषय बन गई है। गुरुवार देर रात पार्टी के चुनावी घोषणापत्र के विमोचन और रात्रिभोज के बाद जब आजम खान की वापसी का समय आया तो सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद उन्हें अपनी गाड़ी से एयरपोर्ट छोड़ने पहुंचे। अखिलेश के इस कदम को पार्टी के भीतर आजम खान की अहमियत और दोनों नेताओं के बीच मजबूत होते रिश्तों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।सियासी हलकों में इस मुलाकात की खास चर्चा इसलिए भी है, क्योंकि पार्टी के किसी अन्य नेता को विदा करने के लिए अखिलेश यादव का खुद एयरपोर्ट तक जाना असाधारण माना जा रहा है। जेल से रिहाई के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी। ऐसे में अखिलेश का यह कदम आजम खान के प्रति सम्मान जताने के साथ संगठन में उनकी भूमिका को लेकर भी कई संकेत दे रहा है।
घोषणापत्र कार्यक्रम में आजम खान को मिला खास स्थान
आजम खान गुरुवार को पूरे दिन लखनऊ में मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में भी उन्हें विशेष महत्व दिया गया। अखिलेश यादव के संबोधन से ठीक पहले आजम खान को मंच से अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय दिया गया। उनके भाषण और अखिलेश के साथ गर्मजोशी को पार्टी में उनकी राजनीतिक अहमियत से जोड़कर देखा जा रहा है।
अपने भावुक संबोधन में आजम खान ने अपने ऊपर हुई कथित ज्यादतियों का दर्द बयां किया। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिवार के साथ करीब पांच दशक पुराने आत्मीय संबंधों को भी याद किया। इसी दौरान उन्होंने बिना नाम लिए एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की राजनीतिक मंशा पर भी सवाल उठाए।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर भी निशाना
आजम खान ने कहा कि कुछ लोगों का मकसद सरकार बनाना नहीं, बल्कि दूसरों का राजनीतिक खेल बिगाड़ना है। उनके इस बयान को ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की उत्तर प्रदेश में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के संदर्भ में देखा जा रहा है। दोनों नेता प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

आजम खान ने अपने संबोधन में कहा, “लोग बहुत परेशान हैं। हिंदू-मुसलमान संघर्ष से लोग तंग आ चुके हैं। आप कितनी ही बड़ी बातें करें, कितने ही बड़े दावे करें, लेकिन सच्चाई लोगों के दिलों में उतर गई है।”
अखिलेश के कदम से क्या मिल रहे हैं सियासी संकेत?
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, आजम खान को घोषणापत्र कार्यक्रम में मंच से बोलने का मौका देना और फिर खुद एयरपोर्ट तक छोड़ने जाना, दोनों ही कदम राजनीतिक संदेश देने वाले हैं। इसे आजम खान को संगठन और आगामी चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका देने की संभावित तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है।
खासकर ऐसे समय में जब ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ बढ़ाने में जुटे हैं, आजम खान का समाजवादी पार्टी के साथ खुलकर खड़ा होना सपा के लिए अहम हो सकता है। हालांकि, आगामी चुनाव में आजम खान को कौन-सी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, यह पार्टी के अगले फैसलों से ही साफ होगा।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
