Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने सीबीगंज में नवनिर्मित आईटी पार्क का किया भव्य उद्घाटन

बरेली, 26 नवम्बर। जनपद बरेली के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। सीबीगंज में नवनिर्मित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के आईटी पार्क का आज माननीय केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद जी द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस आईटी पार्क के शुरू होने से बरेली सहित आसपास के जनपदों में सूचना प्रौद्योगिकी एवं सॉफ्टवेयर उद्योग को नई गति मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को आईटी सेक्टर में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे तथा क्षेत्र में स्टार्टअप और उद्यमिता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि इस आईटी पार्क का शिलान्यास मार्च 2024 में किया गया था। दो एकड़ भूमि पर साढ़े 18 करोड़ की लागत से यह bn कर तैयार हुआ है।परियोजना का उद्देश्य बरेली एवं आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा स्थानीय स्तर पर तकनीकी एवं रोजगारपरक गतिविधियों को विकसित करना है।

*आईटी कंपनियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं*

सीबीगंज में विकसित इस आईटी पार्क में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों एवं उद्यमियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां डेटा सेंटर, इन्क्यूबेशन सेंटर सहित विभिन्न सेक्टरों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है। इसके अतिरिक्त कार्यालयों, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग रूम एवं कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे आईटी कंपनियों को अपने कार्य संचालन के लिए अनुकूल वातावरण मिल सकेगा।

आईटी पार्क के माध्यम से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आईटी सेवाओं, डिजिटल तकनीक एवं अन्य तकनीकी क्षेत्रों में कार्य करने वाली कंपनियों को बरेली में ही अपने कार्यालय स्थापित करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

*युवाओं को अपने ही जनपद में मिलेगा रोजगार का अवसर*

आईटी पार्क के शुरू होने से बरेली एवं आसपास के जनपदों के तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। अब युवाओं को आईटी एवं सॉफ्टवेयर सेक्टर में काम करने के लिए बड़े महानगरों की ओर पलायन करने की आवश्यकता कम होगी। स्थानीय स्तर पर कंपनियों के कार्यालय स्थापित होने से सॉफ्टवेयर इंजीनियर, आईटी प्रोफेशनल्स, तकनीकी विशेषज्ञों एवं अन्य प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

इसके साथ ही यह पार्क युवाओं को अपना स्टार्टअप शुरू करने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा। स्टार्टअप एवं नई तकनीकी कंपनियों को आवश्यक कार्यस्थल, तकनीकी सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध होने से नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

*स्टार्टअप एवं नई कंपनियों के लिए बनेगा बेहतर प्लेटफॉर्म*

आईटी पार्क में उपलब्ध कराई जाने वाली आधुनिक सुविधाओं से नई एवं स्थापित आईटी कंपनियों को अपना व्यवसाय शुरू करने और उसका विस्तार करने में सहायता मिलेगी। विशेष रूप से युवा उद्यमियों एवं स्टार्टअप संचालकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म साबित हो सकता है। यहां उपलब्ध कार्यालय एवं साझा कार्य सुविधाओं के माध्यम से कम संसाधनों में भी नई तकनीकी कंपनियां अपने कार्यों का संचालन कर सकेंगी।

आईटी पार्क के संचालन से बरेली में तकनीकी प्रतिभाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर मिलने के साथ-साथ डिजिटल अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इससे जनपद की औद्योगिक पहचान में एक नया आयाम जुड़ेगा।

बरेली के आर्थिक एवं तकनीकी विकास को मिलेगी नई दिशा
सीबीगंज में आईटी पार्क का उद्घाटन जनपद को पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे बरेली में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। आईटी कंपनियों की स्थापना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर विकसित होंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचेगा।

यह आईटी पार्क भारत का 75वां आई टी पार्क है और आने वाले समय में बरेली को आईटी एवं सॉफ्टवेयर उद्योग के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इस शुभ अवसर पर मा0 वन एवं पर्यावरण मंत्री डा0 अरुण कुमार, मा0 सांसद छत्रपाल गंगवार, मा0 राज्य सभा सांसद श्रुति गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम, मा0 विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, मा0 विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, मा0 विधायक मीरगंज डी. सी. वर्मा उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be