Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विधानसभा क्षेत्र 120 भोजीपुरा के सुपरवाइजर एवं बीएलओ की समीक्षा बैठक सम्पन्न

बरेली, 26 नवम्बर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत विधानसभा क्षेत्र 120 भोजीपुरा के समस्त सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति संबंधित समीक्षा बैठक आईएमए हॉल में सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता के साथ कार्य करते हुए पात्र नागरिकों से अधिक से अधिक फॉर्म-6 भरवाए जाएं, जिससे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण दायित्व है। इसलिए सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न इस रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न होने पाए। इसके लिए घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को जागरूक करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्राप्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी विधानसभा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें, ताकि पुनरीक्षण अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।उन्होंने सभी बी एल ओ को ई पी रेशियो को भी बढ़ाने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में उप जिलाधिकारी सदर इशिता किशोर ,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता गौतम सहित संबंधित सुपरवाइजर और बी एल ओ उपस्थित रहें। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be