Top Newsदेश

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर फंस सकता है सरकार का गणित! लोकसभा में वोटिंग हुई तो बनेंगे ये 3 समीकरण

नई दिल्ली: संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने मानसून सत्र की आगे की कार्यवाही के तहत 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, इन बैठकों में जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा। हालांकि, राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सरकार इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक भी पेश कर सकती है।

प्रस्तावित विधेयक के तहत परिसीमन की प्रक्रिया के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की तैयारी बताई जा रही है। इसका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है। हालांकि, विधेयक को पारित कराने में सबसे बड़ी चुनौती सदन का संख्याबल होगा।

लोकसभा में कितने सांसदों के समर्थन की जरूरत?

संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता होती है। खबर में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, सदन में फिलहाल 540 सदस्य हैं। यदि सभी सदस्य मतदान करते हैं तो विधेयक के पक्ष में 360 वोटों की जरूरत होगी।

एनडीए के पास कुल 320 सांसदों का समर्थन बताया गया है। इसमें भाजपा के 241 सांसद शामिल हैं। भाजपा ने 2026 में नगांव लोकसभा सीट जीतने के बाद यह संख्या हासिल की है। गठबंधन के अन्य प्रमुख घटकों में एनसीपीआई के 20, टीडीपी के 16, शिवसेना के 13, जेडीयू के 12, एलजेपी (रामविलास) के पांच, आरएलडी के दो, जनसेना पार्टी के दो और जेडीएस के दो सांसद बताए गए हैं।

इसके अलावा एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल, असम गण परिषद, झारखंड की आजसू, अपना दल (सोनेलाल), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के एक-एक सांसद हैं। इन सभी को मिलाकर एनडीए का कुल आंकड़ा 320 तक पहुंचता है। ऐसे में सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए दूसरे दलों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है।

वोटिंग हुई तो लोकसभा में बन सकते हैं ये तीन समीकरण

पहला समीकरण: तीन दलों का समर्थन मिलने पर भी मुश्किल

यदि डीएमके के 22, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के आठ और वाईएसआरसीपी के चार सांसद सरकार के समर्थन में मतदान करते हैं, तो एनडीए के 320 सांसदों के साथ कुल संख्या 354 हो जाएगी। इसके बावजूद सरकार को जरूरी 360 वोटों के मुकाबले छह सांसदों का अतिरिक्त समर्थन जुटाना पड़ेगा।

दूसरा समीकरण: डीएमके के गैरहाजिर रहने पर

यदि डीएमके के 22 सांसद मतदान से अनुपस्थित रहते हैं तो बहुमत का आंकड़ा घटकर 345 रह जाएगा। इस स्थिति में एनडीए को एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के आठ और वाईएसआरसीपी के चार सांसदों का समर्थन मिलने पर कुल 332 वोट ही मिलेंगे। यानी सरकार इस समीकरण में भी बहुमत से 13 वोट पीछे रह जाएगी।

तीसरा समीकरण: डीएमके और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) दोनों गैरहाजिर

यदि डीएमके और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) दोनों के सांसद मतदान में हिस्सा नहीं लेते हैं तो बहुमत का आंकड़ा 340 रह जाएगा। ऐसी स्थिति में वाईएसआरसीपी के चार सांसदों का समर्थन मिलने के बावजूद एनडीए की संख्या 324 ही होगी। यानी सरकार को बहुमत हासिल करने के लिए 16 और वोटों की जरूरत पड़ेगी।

कैबिनेट और कांग्रेस की बैठकों पर भी नजर

इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दोपहर एक बजे केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इसमें महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने भी संसद के आगामी सत्र को लेकर अपनी रणनीति तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी की संसदीय रणनीति समूह की बैठक शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में होगी। इसकी अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। बैठक में 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की कार्यवाही के दौरान पार्टी के रुख और सरकार के संभावित विधेयक को लेकर रणनीति पर विचार किया जाएगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be