09 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा अभियान’, तैयारियों की समीक्षा
गोंडा, 3 अगस्त। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियों और कार्यक्रमों के सफल आयोजन पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 09 से 17 अगस्त 2026 तक पूरे जनपद में सम्मान और उत्साह के साथ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, विभिन्न संस्थाओं और ग्राम पंचायत स्तर तक विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। तिरंगा यात्रा के दौरान ‘वन्दे मातरम्’ का गीत भी बजाया जाएगा।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यक्रम राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए जनभागीदारी के साथ आयोजित किए जाएं तथा शासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

