Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

‘माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ से महिलाओं को मिल रहा त्वरित न्याय, एक दिन में 40 शिकायतों का निस्तारण

गोंडा: देवीपाटन मंडल में महिलाओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संचालित ‘माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ कार्यक्रम लगातार प्रभावी मंच बनता जा रहा है। सोमवार को मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में महिलाओं से जुड़ी विभिन्न शिकायतों की सुनवाई की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पहले दर्ज मामलों की भी हुई समीक्षा

जनसुनवाई के दौरान पूर्व में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। सेवा पखवाड़ा-2025 के तहत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में अनियमितता की शिकायत की जांच में प्रतियोगिता संचालन से जुड़े वाहन चालक रवि कुमार यादव की पत्नी और पुत्र का नाम विजेता सूची में शामिल पाया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक की जांच में स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारी को सभी कार्यों से मुक्त कर मूल विद्यालय भेज दिया गया। अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति के आधार पर संयुक्त शिक्षा निदेशक, देवीपाटन मंडल ने उन्हें निलंबित कर जिला विद्यालय निरीक्षक, श्रावस्ती से संबद्ध कर दिया।

सीमा विवाद का भी कराया गया समाधान

कार्यक्रम में तहसील तरबगंज के ग्राम किंधौरा पूरे जयपत्तर निवासी नीलम की भूमि सीमा विवाद से संबंधित शिकायत का भी निस्तारण कराया गया। तहसीलदार की जांच में विवाद की पुष्टि होने के बाद राजस्व अधिकारियों ने मौके पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराकर विवाद समाप्त करा दिया। प्रशासन के अनुसार अब दोनों पक्षों के बीच किसी प्रकार का विवाद शेष नहीं है।

महिलाओं की शिकायतों के समाधान का प्रभावी मंच बना कार्यक्रम

मंडल प्रशासन के अनुसार ‘माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ के माध्यम से राशन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, वरासत, भूमि विवाद, घरेलू उत्पीड़न, पेंशन सहित महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों का लगातार समाधान कराया जा रहा है। इससे महिलाओं को त्वरित राहत मिलने के साथ प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

एक दिन में 40 शिकायतों का हुआ निस्तारण

सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में कुल 40 शिकायतों का निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए यह पहल आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------